February 14, 2026

बिहार चुनाव : टिकट कटने से नाराज है बिक्रम के पूर्व विधायक अनिल कुमार, लगे सुशील मोदी मुदार्बाद के नारे

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी कार्यालय इन दिनों गुलजार हैं। बिहार के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से टिकटार्थी अपने समर्थकों के साथ पार्टी कार्यालय में डटे नजर आ रहे हैं। कोई खुश होकर जा रहा तो कोई नाखुश। इस दौरान पार्टी नेताओं पर आरोप भी लगाए जा रहे तो वहीं टिकटार्थियों के समर्थकों द्वारा इन दिनों पार्टी कार्यालय में हंगामा किए जाने की खबर भी सामने आ रही है। मंगलवार को भाजपा कार्यालय के बाहर बिक्रम से लगातार दो बार विधायक रहे अनिल कुमार को पार्टी से टिकट नहीं मिलने की खबर पर उनके समर्थकों ने जबरदस्त हंगामा मचाया और नारेबाजी की। बिक्रम से इस बार अतुल कुमार को टिकट मिलने की चर्चा उफान पर है। हालांकि पार्टी ने अभी तक इस बात की औपचारिक ऐलान नहीं किया है। बता दें पिछले विधानसभा चुनाव में बिक्रम सीट से अनिल कुमार को कांग्रेस के सिद्धार्थ ने करारी शिकस्त दी थी।
बेटिकट होने की सूचना पर अनिल कुमार के बोल भी तल्ख हो गए। टिकट कटने की बात पर कहा कि पार्टी पर नाश छा गया है। बिक्रम विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस को अगर जदयू का कोई भी नेता हरा देगा तो मैं उससे गुलामी लिखवा लूंगा। हालांकि भाजपा की ओर से अभी इसकी औपचारिक घोषणा नहीं हुई है लेकिन अंदर से जानकारी आने के बाद पार्टी मुख्यालय के बाहर ही अनिल कुमार के समर्थक उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के खिलाफ नारे लगाने लगे। हंगामे को देखते हुए भाजपा कार्यालय में महिला पुलिस बल की तैनाती की गई है।
बताते चलें कि पिछले विधानसभा चुनाव में बिक्रम से अनिल कुमार कांग्रेस के सिद्धार्थ से हार गए थे। सिद्धार्थ ने उन्हें 44 हजार 311 वोट से हराया था। सिद्धार्थ को 94,088 वोट मिले थे जबकि अनिल कुमार को मात्र 49777 वोट। पिछले चुनाव में कांग्रेस-जदयू-राजद एक साथ थे लेकिन इस बार समीकरण अलग है। इस बार भाजपा और जदयू एक साथ है।

You may have missed