झारखंड : सोन नदी में नहाने गए सात युवकों की डूबने से मौत, गांव में मचा कोहराम
DESK : झारखंड के गढ़वा जिले के हरिहरपुर ओपी क्षेत्र के डूमरसोता में शनिवार की सुबह सोन नदी में डूबने से सात युवकों की मौत हो गई है। सभी युवक नहाने गए थे। उसी क्रम में सभी नदी की तेजधार में फंस गए। मिली जानकारी के मुताबिक हर दिन की तरह सभी युवक नदी में नहाने गए थे। इस दौरान ही सभी नदी की तेजधार में फंस गए और डूबते चले गए। डूबनेवालों में ब्रजेश सिंह (30), आलोक मिश्रा (30), अंकित मिश्रा (19), नीरज मिश्रा (21), अश्विनी दुबे (25), राजन दुबे (21) और सुशील मिश्रा (25) शामिल हैं। घटना की सूचना जैसे ही गांव में पहुंची कोहराम मच गया। गांव के लोग नदी की ओर दौड़ने लगे। वहां पहुंचने पर देखा कि सभी युवकों का कपड़ा नदी के किनारे पड़ा है। उसके बाद सभी ग्रामीणों ने युवकों को खोजना शुरू किया। समाचार लिखे जाने तक पांच युवकों का शव निकाला जा चुका था। बाकी दो युवकों की तलाश की जा रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि वह बहकर कुछ दूर चले गए होंगे। मालूम हो कि 15 दिनों के अंदर सोन नदी में डूबने से मरने की यह सबसे बड़ी घटना है। इससे पहले एक महिला के अलावा पिता-पूत्र की डूबने से मौत हो गई थी।


