February 15, 2026

फतुहा : जेसीबी व रोलर सड़क किनारे पानी भरे गढ्ढे मे गिरी, रोलर चालक की मौत

फतुहा। शुक्रवार को पटना के फतुहा प्रखंड के उसफा पंचायत के दरियापुर गांव के समीप बन रहे ग्रामीण पथ से अनियंत्रित होकर जेसीबी व रोलर सड़क किनारे पानी भरे गढ्ढे में पलट गई। इस घटना में जहां जेसीबी चालक अरवल निवासी संदीप कुमार गंभीर रुप से जख्मी हो गया, वहीं रोलर चालक पानी भरे गढ्ढे मे गिरने से तथा पानी में डूब जाने से मौत हो गई। मृतक रोलर चालक की पहचान औरंगाबाद जिले के जलपुरा गांव निवासी 22 वर्षीय समेन्द्र कुमार के रुप में हुई है। घटना के बाद सड़क निर्माण में लगे मजदूरों के बीच अफरा-तफरी मच गई और सड़क निर्माण का कार्य छोड़ कर सभी फरार हो गए। स्थानीय लोगों की सहायता से घायल जेसीबी चालक को गड्ढे से बाहर निकाल निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया तथा इसके बाद मृतक के शव को भी बाहर निकाला। घटना की जानकारी संबंधित थाना गौरीचक को दी गई।


बताया जाता है कि उसफा पंचायत में उसफा से दरियापुर गांव जाने वाली पथ पर सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। यह इस निर्माण कार्य में ठेकेदार के द्वारा मजदूर के साथ-साथ जेसीबी व रोलर को भाड़े पर लगाया गया था। रोलर व जेसीबी चालक सड़क को समतल बनाने का काम कर रहे थे तभी दोनों सड़क किनारे आ गये और एक तरफ की मिट्टी धंसने से दोनों वाहन अनियंत्रित होकर पानी भरे गढ्ढे में जा गिरी।

You may have missed