जावड़ेकर बोले, प्रेस स्वतंत्रता की खराब छवि पेश करने वाले सर्वेक्षणों का करेंगे भंडाफोड़, कांग्रेस ने लगाया आरोप
CENTRAL DESK : विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस पर भारत में प्रेस की आजादी के बारे में खराब छवि पेश करने वाले सर्वेक्षणों पर केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने जमकर निशाना साधा तो कांग्रेस ने भाजपा पर लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को नष्ट करने का आरोप लगाया।

मीडिया में बहुत ताकत होती है लोगों को जानकारी देने की और प्रबोधन करने की। भारत में सबसे अच्छी मीडिया फ्रीडम है। अनेक सर्वे ने भारत को निचा दिखाने की कोशिश की इसका जल्दी पर्दाफाश करेंगे।#WorldPressFreedomDay
— Prakash Javadekar (@PrakashJavdekar) May 3, 2020
विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि भारत में प्रेस को पूर्ण स्वतंत्रता है और उन सर्वेक्षणों का भंडाफोड़ किया जाएगा, जिनमें देश में प्रेस की आजादी के बारे में खराब छवि पेश करने की कोशिश की गयी है। जावड़ेकर ने कहा कि मीडिया के पास लोगों को सूचित करने और उनका मार्गदर्शन करने की ताकत है। उन्होंने ट्वीट किया कि भारत में मीडिया को पूर्ण स्वतंत्रता है। हम जल्द ही उन सर्वेक्षणों का खुलासा करेंगे, जिनमें देश में प्रेस की आजादी के बारे में खराब छवि पेश करने की कोशिश की गई है। बता दें स्वतंत्र पत्रकारिता की पैरवी करने वाले संगठन रिपोर्टर्स विदआउट बॉर्डर्स के इस साल जारी हुए वार्षिक विश्लेषण में वैश्विक प्रेस स्वतंत्रता सूचकांक में भारत दो पायदान लुढ़क गया है और इसे 180 देशों में से 142वां स्थान मिला है।
The I&B Minister is openly threatening international agencies for their reporting, whilst commenting on Indian media's "absolute freedom" – Oh the irony! #WorldPressFreedomDay https://t.co/ByNNNaj0AT
— Congress (@INCIndia) May 3, 2020
कांग्रेस ने विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस पर अपने संदेश में आरोप लगाया कि भाजपा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को नष्ट करने पर आमादा है। कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर कहा कि विश्व प्रेस स्वतंत्रता सूचकांक में भारत दो पायदान लुढ़ककर 142वें स्थान पर पहुंचा। जब हम विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस मनाएं तो हमें याद रखना चाहिए कि बीजेपी लोकतंत्र के इस चौथे स्तंभ को नष्ट करने पर आमादा है और हमें ऐसा नहीं होने देना चाहिए। कांग्रेस ने आगे कहा कि हम सभी पत्रकारों से कहना चाहेंगे कि डरो मत।

