जहानाबाद से किस्मत आजमाएंगे कृष्णनंदन, घोसी से जगदीश शर्मा के बेटा मैदान में
पटना। पहले चरण के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। नामांकन के छठे दिन मंगलवार को कई विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया। जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र से शिक्षा मंत्री कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा ने तो वहीं गया में टिकारी से पूर्व मंत्री डॉक्टर अनिल कुमार ने हम से नामांकन पर्चा भरा। इसके अलावा बेलागंज विधानसभा क्षेत्र से महागठबंधन प्रत्याशी डॉ. सुरेन्द्र प्रसाद यादव ने भी नामांकन दाखिल किया।
अब शिक्षा मंत्री जहानाबाद में आजमाएंगे किस्मत
घोसी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीतने वाले कृष्णनंदन वर्मा जहानाबाद से मैदान में उतरेंगे। मंगलवार को उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी निखिल धनराज निप्पिकरण के समक्ष अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया। यहां उनका मुकाबला जहानाबाद के राजद विधायक सुदय यादव से होगा। राजद के सुयद यादव ने अपने पिता स्व. मुन्द्रिका सिंह की मौत के बाद उपचुनाव में जीत हासिल की थी।
घोसी में जगदीश शर्मा की रही है सबसे ज्यादा पकड़
वहीं जदयू ने इस बार घोसी से पूर्व सांसद जगदीश शर्मा के बेटे राहुल शर्मा को चुनाव मैदान में उतारा है। पिछले चुनाव में कृष्णनंदन वर्मा ने हिन्दुस्तान आवाम मोर्चा के राहुल शर्मा को पटकनी दी थी। इस बार हम एनडीए में शामिल है जबकि पिछले चुनाव में महागठबंधन में शामिल था। बताते चलें घोसी विधानसभा में जगदीश शर्मा का एकछत्र राज रहा है। इस इलाके में पूर्व सांसद जगदीश शर्मा की पकड़ सबसे ज्यादा है। वे 1977-2010 तक विभिन्न पार्टी और निर्दलीय से चुनाव जीतते रहे। उसके बाद 2015 में हुए विधानसभा चुनाव में महागठबंधन प्रत्याशी कृष्णनंदन वर्मा ने लगभग 38 सालों बाद घोसी से जगदीश शर्मा और उनके परिवार के किसी सदस्य को मात देकर जीत दर्ज की थी। उन्होंने जदयू के टिकट से हम पार्टी के उम्मीदवार राहुल कुमार शर्मा का पत्ता काटा था। इसके बाद महागठबंधन में बनी सरकार में उन्हें मंत्री बनाया गया था।


