जविपा सुप्रीमो ने सीएम नीतीश से मानव श्रृंखला पर मांगा श्वेत पत्र, 18 फरवरी को बनाएगी मानव श्रृंखला

पटना। जनतांत्रिक विकास पार्टी आगामी 18 फरवरी को राजधानी पटना में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, सीएए व शिक्षा की बदहाली के खिलाफ मानव श्रृंखला बनायेगी। इसकी जानकारी संवाददाता सम्मेलन के दौरान जविपा सुप्रीमो अनिल कुमार ने दी। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके द्वारा आज तक लगाई गई सभी मानव श्रृंखला पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की। श्री कुमार ने नीतीश कुमार द्वारा जल जीवन हरियाली मानव श्रृंखला पर सवाल खड़े किये। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने दहेजबंदी के लिए श्रृंखला बनायी, मगर क्या बिहार में दहेज बंद हुआ? शराबबंदी के लिए श्रृंखला बनायी, मगर आज धड़ल्ले से शराब की होम डिलीवरी हो रही है। राजधानी पटना में ही थाने में पुलिस कर्मी शराब बंदी के बावजूद शराब का जश्न मना रहे थे। उन्होंने जदयू और भाजपा पर सूबे में शराब ब्रिकी का सिंडिकेट बनाने का आरोप भी लगाया।
अनिल कुमार ने कहा कि बिहार बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और शिक्षा की बदहाली से त्रस्त हैं। इन्हीं मुद्दों को लेकर पार्टी 18 फरवरी को पटना में अशोक राज पथ से वाया कारगिल चौक, सचिवालय तक मानव श्रृंखला बनाएगी। संवाददाता सम्मेलन में तकनीकी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष ई. रवि प्रकाश, छात्र परिषद अध्यक्ष आयुष, युवा परिषद उपाध्यक्ष डॉ. राकेश रंजन भी मौजूद रहे।

You may have missed