February 17, 2026

जब अचानक पुलिस मुख्यालय पहुंचे सीएम, कहा- लॉ एंड आर्डर पर हो रहा काम, जिसको जो मर्जी बोलता रहे

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार दोपहर अचानक बिहार पुलिस का मुख्यालय सरदार पटेल भवन पहुंच गए। सीएम नीतीश का एकबारगी पुलिस मुख्यालय पहुंचना सबों को हैरत में डालने वाली घटना थी। चूंकि यह कार्यक्रम पहले से तय नहीं था। यहां उन्होंने डीजीपी एसके सिंघल के साथ ही मुख्यालय में मौजूद अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। नये सरकार के गठन के बाद नीतीश ने बिहार में बिगड़े कानून एवं विधि व्यवस्था को लेकर तिसरी बार बैठक की है। बैठक में पुलिस विभाग की ओर से लॉ एंड आर्डर पर एक प्रेजेंटेशन दिया गया।


बैठक के बाद सरदार पटेल भवन से बाहर निकलने पर सीएम नीतीश ने संवादाताओं से कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था पर काम हो रहा है। वैसे जिसको जो मर्जी है, बोलता है। इसलिए तो आज हम खास तौर पर आये हैं। गृह और पुलिस विभाग के साथ बातचीत की है। कोशिश होगी कि हमेशा आते रहें।
कहा जा रहा है कि सूबे की बिगड़े कानून-व्यवस्था से नीतीश बेहद नाराज हैं। इसी वजह से उन्होंने बिना किसी की जानकारी में अचानक खुद बिहार पुलिस मुख्यालय पहुंचकर बैठक की है। बता दें बिहार में कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष लगातार नीतीश सरकार पर हमलावर है। कांग्रेस ने पिछले दिनों कहा था कि नीतीश कुमार के राज में अपराध में बेतहाशा वृद्धि हुई है। राजद ने कहा था कि नीतीश कुमार की पुलिस अब अपराध नियंत्रण छोड़ शराब पकड़ने में व्यस्त है।

You may have missed