जदयू कार्यकर्ता सम्मेलन में भीड़ न जुटने को विपक्ष ने बनाया हथियार, जदयू नेता सोशल मीडिया पर दे रहे सफाई

पटना। पटना के गांधी मैदान में रविवार को जदयू के कार्यकर्ता सम्मेलन में खास भीड़ नहीं जुटने को लेकर विपक्ष ने इसे अपना हथियार बना लिया है। विपक्ष लगातार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की लोकप्रियता पर सवाल खड़ा कर रहा है, तो जदयू उनके आरोपों को सिरे से खारिज कर रहा है। जदयू नेता सिर्फ सोशल मीडिया पर सफाई देते दिख रहे हैं, जबकि भीड़ न जुटने के सवाल पर चुप्पी साधे बैठे हैं। उनकी यह चुप्पी अपने आप में बहुत कुछ कह रही है।
राजद के वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी ने सीएम नीतीश पर तंज कसते हुए कहा है कि श्री कृष्ण बाबू के जमाने से लेकर आज तक गांधी मैदान में इतनी फ्लॉप और कमजोर सभा किसी मुख्यमंत्री की नहीं हुई थी। शिवानंद ने कहा कि नीतीश कुमार विधानसभा चुनाव में 200 से अधिक सीटें जीतने का दावा कर रहे हैं, अब वो जीतेंगे या 200 सीट हारेंगे, इसका प्रमाण तो गांधी मैदान में जुटी भीड़ ही दे रही थी। उन्होंने कहा कि इतने प्रचार-प्रसार के बाद भी सीपीआई नेता कन्हैया कुमार गांधी मैदान में भीड़ नहीं जुटा सका था और सीएम नीतीश की सभा तो उससे भी फ्लॉप रही। शिवानंद ने आगे कहा कि गांधी मैदान में नीतीश का भाषण भी बिल्कुल मुरझाया हुआ था। भाषण में कुछ भी नया नहीं था। रैली में तो हालत ऐसे थे कि उनके भाषण के दौरान लोग उठकर मैदान से जाने लगे थे।
वहीं शिवानंद तिवारी ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली में विधानसभा चुनाव के समय बीजेपी की सभाओं में ‘देश के गद्दारों को, गोली मारो…को’ नारे लगाए गए। जो कि सरासर गलत था। इतना ही नहीं, उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी पर तंज भी कसा। शिवानंद ने कहा कि बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर ने ‘देश के गद्दारों को, गोली मारो…को’ का नारा लगाया था। अनुराग ठाकुर पीएम मोदी की कैबिनेट में सदस्य हैं और पीएम नरेंद्र मोदी को भी यह नारा पसंद आ रहा है इसलिए इसे राष्ट्रगीत बनाने को कहा।