February 20, 2026

जक्कनपुर कांड : एएसआई को लाठी-डंडों से पीटने वाला शराब माफिया गिरफ्तार

पटना। राजधानी पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र के आर ब्लॉक रेलवे लाइन के पास बीते शनिवार को शराब तस्करों व पुलिस के बीच घंटों मुठभेड़ हुई थी। इस दौरान फायरिंग भी हुई थी, जिसमें एक व्यक्ति और एक पुलिस गोली लगने से घायल हो गए थे। वहीं एएसआई आशुतोष राय को लाठी और डंडों से बेरहमी से पीटने वाले मुख्य अभियुक्तों में से एक अमन पासवान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वायरल वीडियो में शराब माफिया अमन की ही तस्वीर सामने आयी थी, जिसमें वह बेरहमी से एएसआई को डंडे से पीटता दिख रहा है।
बता दें बीते सोमवार को पुलिसकर्मियों पर किये गये प्राणघातक हमले में शामिल तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया था। जेल भेजे गये आरोपितों में मुख्य आरोपित सुबोध पासवान का भाई विनोद पासवान, यारपुर डोमखाना का धर्मेंद्र समेत व एक अन्य शामिल है। इस मामले में करीब 10 और उपद्रवियों की पुलिस ने पहचान की है। इनमें मुख्य आरोपित सुबोध पासवान के भाई तथा उसके सहयोगी शामिल बताये गये हैं। पुलिस की छह टीमें उपद्रवियों को गिरफ्तार करने के लिए पटना सिटी, दानापुर, बाइपास, फुलवारीशरीफ, दीघा समेत अन्य ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

You may have missed