गौरीचक थाना पहुंचे डीजीपी, थानेदार निलंबित, थाना के सभी पदाधिकारी लाईन हाजिर

फुलवारी शरीफ। राज्य पुलिस मुख्यालय ने गौरीचक थानेदार रमण कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए थाना के सभी पदाधिकारियों को लाईन हाजिर कर दिया है। गौरीचक थाना में हाल के दिनों में घट रही अपराधिक वारदातों और आम लोगों सहित अन्य से मिल रही शराब के कारोबार की शिकायतों को डीजीपी ने गंभीरता से लिया और गौरीचक थाना के सभी पदाधिकारियों पर हटाकर कड़ी कार्रवाई करते हुए कड़ा संदेश दिया है।
शनिवार की देर शाम राज्य के पुलिस प्रमुख गुप्तेश्वर पाण्डेय संपत चक में नशा मुक्ति अभियान कार्यक्रम के बाद सीधे समारोह स्थल से गौरीचक थाना पहुंच गये। अचानक थाना पहुंचने पर गौरीचक थाना के सभी पदाधिकारियों में हड़कंप मचा गया। डीजीपी ने थाना के रजिस्टर आदि को देखा और काफी नाराजगी जाहिर किये। लगातार इलाके में शराब कारोबार और आपराधिक वारदातों में लापरवाही की मिल रही शिकायतों को देखते हुए डीजीपी ने गौरीचक थानेदार से सख्त लहजे में कहा कि आपसे थाना नही संभल रहा है। उसके बाद गौरीचक थाना में रहने के बाद डीजीपी पटना के लिए रवाना हो गये। वहीं सिटी एसपी पूर्वी जितेन्द्र कुमार ने बताया की डीजीपी ने गौरीचक थानेदार रमण कुमार को निलंबित करते हुए बाकी सभी पुलिस पदाधिकारियों को हटाकर लाईन हाजिर करने का फरमान जारी किया है। आगे की कार्रवाई के लिए कई दिशा निर्देश जारी किये गये है।
गौरतलब हो कि गौरीचक के चिपुरा में डीजीपी के कार्यक्रम से एक दिन पहले ही चिपुरा खुर्द मुसहरी में ग्रामीणों ने धावा बोलकर स्थानीय मुखिया के नेतृत्व में अवैध देशी शराब के कारोबार को ध्वस्त किया था। वहीं डीजीपी से कई ग्रामीणों ने शिकायत किया था कि इलाके में पुलिस की मिलीभगत से शराब का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। पुलिस को सूचना देने के बावजूद पुलिस शराब कारोबारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करती है।

You may have missed