गोपालगंज : होली के दिन तमंचे पर डिस्को करने वाला एक युवक गिरफ्तार, एक फरार
भोरे में होली के दिन खुलेआम पिस्टल लहराते हुए युवक का वीडियो हुआ था वायरल!
गोपालगंज (शैलेश तिवारी)। बिहार के गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र के कुर्थिया गांव में होली के दिन तमंचे (पिस्टल लहराते) पर डिस्को करते एक युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। उसके बाद क्या था, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस उसे गिरफ्तार करने में लग गई थी और आखिरकार उक्त दोनों में से एक युवक पुलिस के शिकंजे में आ गया है। जबकि एक फरार बताया जाता है।
जानकारी के लिए बता दें कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उक्त वीडियो होली के दिन का प्रतीत हो रहा है, जिसमें फुल लोडेड पिस्टल लिए हुए युवक किसी व्यक्ति के बाइक पर पीछे बैठा है और बगल में बज रहे भोजपुरी होली के गीतों की धुन पर हवा में पिस्टल लहरा रहा है। इस दौरान बाइक चला रहा युवक उसका विरोध भी करता दिख रहा है। जिसक बाद वह नीचे उतरकर पिस्टल से गोली को अनलोड करता है। वीडियो के अनुसार पिस्टल अनलोड करने के बाद उस युवक से बगल के कुछ युवकों से छीना झपटी भी वीडियो में साफ दिख रही है। वहीं इस मामले में स्थानीय थाने में भी बातचीत में पुलिस प्रशासन ने मामले में अनुसंधान होने की बात बताई है।
सूत्रों के हवाले से पता चला है कि वीडियो में पिस्टल लहराने वाला युवक भोरे थाना क्षेत्र के बांके अमही गांव के रामायण ओझा का पुत्र अमरेश ओझा बताया जाता है एवं बाइक चलाने वाला युवक थाना क्षेत्र के कुर्थियां गांव निवासी ब्रिजराज यादव, पिता श्रीरामचंद यादव बताया जाता है। भोरे थाना प्रभारी जंगो राम, एएसआई असरद अली खान ने पुलिस बल के साथ ब्रिजराज यादव के घर पर छापामारी कर सुबह 6 बजे गिरफ्तार कर गोपालगंज न्यायालय से जेल भेज दिया है, जबकि तमंचे पर डिस्को करने वाला फरार बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए टोह में लगी हुई है।


