PATNA : खुराकी की मांग को ले वाहन चालकों ने किया प्रदर्शन, कल होगा भुगतान
दानापुर। बिहार चुनाव के लिए वाहनों की धड़पकड़ जारी है। चुनाव कार्य में लगाने के लिए भारी संख्या में वाहनों की जरूरत होती है। लेकिन पकड़े गए वाहन चालकों को प्रशासन की उदासीनता के कारण खुराकी का पैसा नहीं मिलने के कारण बीएस कॉलेज में रह रहे वाहन चालकों ने पैसे की मांग को लेकर महाविद्यालय के मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन किया। सड़क जाम कर चालकों ने प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी की। जाम की सूचना पर पहुंची दानापुर पुलिस ने समझाकर उन्हें शांत कराया। अंचलाधिकारी ने कहा कि कल से चालकों को खुराकी का भुगतान होगा।
प्रदर्शन कर रहे चालकों ने बताया कि चुनाव कार्य को लेकर बीएस कॉलेज परिसर में करीब पांच सौ वाहन रखे गए हैं। वाहन के साथ चालक व खलासी भी कॉलेज में रह रहे हैं। बीते चार दिनों से उन्हें खुराकी (पैसा) नहीं मिल रही है। वे अपने पैस से खाना खा रहे हैं। वाहन कोषांग पर बने काउंटर व नाजिर से खुराकी के पैसे मांगने पर बहाना बना दिया जा रहा है। चालकों ने कहा कि प्रशासन की उदासीनता के कारण भुगतान नहीं हो रहा है। चालकों ने बताया कि 27 अक्टूबर से ही नाजिर व अधिकारियों से पैसों की मांग की जा रही है। 30 अक्टूबर को पैसा देने का आश्वासन मिला था, पर शुक्रवार को भी राशि नहीं मिली।
इधर, नाजिर ने बताया कि तीन दिन पूर्व ही निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीओ से चालकों के खुराकी के लिए पैसों की मांग की थी। उन्होंने बीडीओ को राशि आवंटित करने का निर्देश दिया था। वहीं अंचलाधिकारी विद्यानंद राय ने बताया कि शनिवार से चालकों को खुराकी का भुगतान किया जायेगा।


