February 11, 2026

खाने-पीने व गंदगी को लेकर प्रवासियों का हंगामा, संख्या बढ़ने पर क्वारंटाइन सेंटर की व्यवस्था चरमराई

फतुहा। जैसे ही मंगलवार को प्रखंड क्षेत्र के रहनेवाले प्रवासियों की संख्या बढ़ी, वैसे ही क्वारंटाइन सेंटर की सारी व्यवस्था चरामरा गयी। जहां हाईस्कूल स्थित क्वारंटाइन सेंटर के प्रवासियों ने खाने-पीने से लेकर फैली गंदगी तक को लेकर हंगामा किया, वहीं बीआरसी भवन में पहुंचे नये कई प्रवासी नहीं हुई व्यवस्था को लेकर घंटों इंतजार करते रहे।
बताया जाता है कि फतुहा के हाईस्कूल स्थित क्वारंटाइन सेंटर में जैसे ही प्रवासियों की संख्या दो सौ से अधिक हुई तो खाने-पीने की शिकायत मिलने लगी। प्रवासियों की माने तो स्थिति यह है कि खाना मिलता है तो पानी नहीं और पानी है तो घंटों खाने के लिए इंतजार करना पड़ता है। प्रवासियों के अनुसार खाना खाने वाले लगे पंडाल में गंदगी भी फैली हुई है, जिसे साफ नहीं कराया जा रहा है।
दूसरी तरफ मंगलवार को दिल्ली, राजस्थान व मुम्बई से फतुहा पहुंचे 23 लोग जब हाईस्कूल पहुंचे तो जगह का अभाव बताते हुए उन्हें बीआरसी भवन स्थित क्वारंटाइन सेंटर भेज दिया गया। जब सभी लोग वहां पहुंचे तो वहां न तो कोई रुम खुला था और न ही बैठने का कोई इंतजाम था। लोग इधर-उधर घंटों घूमते रहे। जैसे ही मीडिया के लोगों को जानकारी हुई तो वहां बद इंतजामी देखकर दंग रह गए। मीडिया के पहुंचने के बाद बीडीओ मृत्युंजय कुमार व अन्य कर्मी पहुंचे। पूछे जाने पर उन्होंने सवालों को टालते हुए सिर्फ इतना ही कहा कि इंतजाम हो रहा है।

You may have missed