खबरें मसौढ़ी की : तीन महिलाओं को किया लहूलुहान, 14 वर्षीया किशोरी लापता
घर में घुसकर खंती से वार कर तीन महिलाओं को किया लहूलुहान, प्राथमिकी दर्ज
मसौढ़ी। थाना के सुखठियां गांव में आपसी विवाद में गांव के लाल पासवान के घर में घुसकर उसके पड़ोसी सुनील पासवान व उसके परिवार के अन्य लोगों ने घर में मौजूद तीन महिलाओं को खंती से वार कर बुरी तरह लहूलुहान कर घायल कर दिया। इस घटना में लाल पासवान की पत्नी मानती देवी, पुत्री रंजू कुमारी व बहू पूजा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। बाद में सभी घायलों को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस संबंध में लाल पासवान की पत्नी मानती देवी के बयान पर गांव के सुनील पासवान, उसके भाई चंदन पासवान, विकास पासवान समेत परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ शनिवार को मसौढ़ी थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। घटना बीते गुरुवार की सुबह की बताई जाती है। आरोप है कि गुरुवार की सुबह लाल पासवान की पत्नी मानती देवी जब अपने घर के दरवाजे के पास बैठी थी, तभी सुनील पासवान अपने परिवार सदस्यों के साथ वहां पहुंचा और मानती देवी को दरवाजे से खींचकर घर के आंगन में ले गया और फिर अपने हाथ में लिए खंती से उसके सिर पर वार कर उसे बेहोश कर दिया। आरोप है कि इस दौरान उसे बचाने पहुंची उसकी पुत्री रंजू कुमारी व बहू पूजा देवी को भी उनलोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। साथ ही मानती देवी के गले से सोने का मंगलसूत्र नोंच सभी वहां से धमकी देते हुए निकल भागें।

सिलाई सीखने गई 14 वर्षीया किशोरी लापता, प्राथमिकी दर्ज
मसौढ़ी। दो दिनों पूर्व सिलाई सीखने गई थाना के एक मोहल्ले की 14 वर्षीया एक किशोरी अपना घर नहीं लौटी है। थक हारकर किसी अनहोनी की आशंका से भयभीत हो उसके पिता ने शनिवार को मसौढ़ी थाना में इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई है। मिली जानकारी के मुताबिक उक्त किशोरी थाना के दाउदपुर मोहल्ला स्थित एक सिलाई केंद्र में सिलाई सीखने जाया करती थी। बीते गुरुवार को भी वह सुबह करीब 11 बजे सिलाई सीखने के लिए घर से निकली। लेकिन देर शाम तक वह घर नहीं लौट सकी। इस बीच उसके परिजनों ने कई जगह खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। बाद में थकहार कर किशोरी के पिता ने स्थानीय थाना में इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इधर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

