September 16, 2025

खबरें मसौढ़ी की: गणतंत्र दिवस पर शान से लहरा तिरंगा, स्कूली बच्चों ने मचाया धमाल

देश भक्ति गीतों पर स्कूली बच्चों ने मचाया धमाल
संवाद सहयोगी, मसौढ़ी। गणतंत्र दिवस के अवसर पर रविवार को स्थानीय गांधी मैदान में अनुमंडल प्रशासन के तत्वावधान में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने देश भक्ति गीतों पर नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित दर्शकों का दिल जीत लिया। डीएवी पब्लिक स्कूल के बच्चों ने सूफियाना अंदाज में कव्वाली मेरे वतन से अच्छा कोई वतन नहीं है…कि अद्भुत प्रस्तुति से लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं मसौढ़ी सेंट्रल स्कूल, लीड इंडिया एकेडमी व न्यू मानस इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के बच्चों ने देश भक्ति गीतों पर अपनी मनमोहक प्रस्तुति से उपस्थित दर्शकों का दिल जीत लिया। बिहटा एजुकेशन प्वाइंट के बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित अपनी प्रस्तुति से खूब तालियां बटोरी। वहीं संत मेरीस स्कूल के बच्चों ने अपनी प्रस्तुति से महिला सशक्तिकरण पर बल दिया। किड्जी मसौढ़ी व लीड इंडिया एकेडमी के बच्चों ने पावर आॅफ सोल्जर थीम पर देश के वीर जवानों की वीरगाथा का सुंदर चित्रण कर उपस्थित दर्शकों को कुछ देर के लिए भावुक कर दिया। इसके पूर्व कार्यक्रम का उद्घाटन एसडीओ संजय कुमार, प्रखंड प्रमुख रमाकांत रंजन किशोर, मुख्य पार्षद सुनीता सिन्हा, बीडीओ पंकज कुमार व सीओ योगेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से द्वीप प्रज्वलित कर किया। बाद में मसौढ़ी के एसडीओ संजय कुमार, जदयू की महिला जिलाध्यक्ष खुशबू रानी, सीडीपीओ ममता कुमारी, उप मुख्य पार्षद उर्मिला देवी व अन्य अतिथियों ने कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। मंच का संचालन संजय केसरी ने किया। मौके पर नगर परिषद् के कार्यपालक पदाधिकारी किशोर कुणाल, पूर्व पार्षद पालटन सिंह, आर्यभट परिवार मंच के अध्यक्ष डॉ. एमके मंगल, नृत्य निर्देशक आदित्य कुमार, जयविकास, अनिल कुमार मिट्ठू, नीरज कुमार, अभिमन्यु पटेल, दीपक शर्मा, लाला कुमार, मो. शमीम, मो. मसूद रजा आदि मौजूद थे।

शान से लहरा तिरंगा


मसौढी। 71वें गणतंत्र दिवस के मौके पर रविवार को स्थानीय व्यवहार न्यायालय में एडीजे राजाराम संतोष कुमार और अनुमंडल कार्यालय, स्थानीय गांधी मैदान व एसडीपीओ कार्यालय पर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने झंडोतोलन किया। इस मौके पर गांधी मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में एसडीओ ने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों से इसका फायदा उठाने का आग्रह किया। उन्होंने पर्यावरण के संरक्षण पर बल देते हुए लोगों से पेड़ लगाने का अनुरोध किया। इसके अलावे अधिवक्ता संघ भवन पर संघ के अध्यक्ष महेंद्र सिंह अशोक, नगर परिषद कार्यालय पर मुख्य पार्षद सुनीता सिन्हा, अवर निबंधन कार्यालय पर अवर निवंधन पदाधिकारी मो. शकील अहमद, प्रखंड कार्यालय पर प्रमुख रमाकांत रंजन किशोर, थाना में थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक, अनुमंडलीय पुस्तकालय में पुस्तकालयाध्यक्ष चंद्रकेत सिंह चंदेल, प्राथमिक शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में प्राचार्य मो. अली रजा ने झंडोतोलन किया। साथ ही विभिन्न सरकारी और निजी विद्यालयों में उनके प्राचार्यों ने झंडोतोलन किया।

You may have missed