खबरें फुलवारी की : श्रम मंत्री को मंत्रिमंडल से हटाए नीतीश सरकार, पीएमसीएच में बांटे फूड पैकेट, सीएम नीतीश की अपील स्वागत योग्य
मजदूर विरोधी ब्यान के लिए श्रम मंत्री को मंत्रिमंडल से हटाए नीतीश सरकार
फुलवारी शरीफ। मंगलवार को प्रखंड कमिटी भाकपा माले संपतचक के सचिव सत्यानंद ने कहा कि श्रम मंत्री विजय कुमार का बयान मजदूर विरोधी है इसलिए मुख्यमंत्री ऐसे मंत्री को तत्काल मंत्रिमंडल से हटाएं। माले नेता ने कहा कि कोरोना आपदा से निपटने में जदयू-भाजपा गठबंधन वाली डबल इंजन की सरकार मजदूरों-गरीबों के लिये डबल धोखा-डबल मुसीबत की सरकार साबित हुई है। बिहार सरकार की अंतरात्मा मजदूरों के लिए पत्थर की बन गई है। मजदूर विरोधी नीतियों एवं भाजपा शासित तीनों राज्य में शिथिल व समाप्त किये गए श्रम कानूनों को पुन: बहाल करने की मांग पर भाकपा माले खेग्रामस व एक्टू संयुक्त कमिटी के द्वारा विभिन्न ब्रांच में धरना व विरोध किया गया। जिसमें बैरिया में प्रखंड सचिव सत्यानंद कुमार, लोकल कमिटी सचिव रामसिगार पासवान, छेछन राम, अवध पासवान, सूरज मिस्त्री, बबीता देवी, केवल राम, संदीप कुमार, राणा विश्वनाथ सिंह, धनराज पासवान, अमरजीत ठाकुर आदि लोग थे।

सीएम नीतीश की लॉकडाउन बढ़ाने की अपील स्वागत योग्य : संतोष मुखिया

फुलवारी शरीफ। जदयू सेवा दल उपाध्यक्ष सह मगध प्रमंडल प्रभारी सकरैचा मुखिया संतोष कुमार ने सीएम नीतीश कुमार द्वारा पीएम के साथ हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक में बिहार में लॉक डाउन को बढाए जाने के निर्णय का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि बिहार में जिस तरह रोज नये-नये कोरोना संक्रमण के केस आ रहे हैं, उसे देखते हुए यह बहुत जरूरी है कि बिहार के गांवों में संक्रमण को फैलने से रोका जाये और जो भी कामगार वापस लौट रहे हैं, उसकी अच्छी तरह जांच के बाद ही उन्हें 14 दिनों के क्वारंटाइन में रखकर ही घर भेजा जाये, जिससे गांवों में संक्रमण का प्रसार नहीं हो पाये।
राजद नेता ने पीएमसीएच में बांटे फूड पैकेट व मिनरल वाटर

फुलवारी शरीफ। पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में लॉक डाउन के बीच इलाज करा रहे परेशान मरीजों और उनके तीमारदारों के बीच राजद के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाधयक्ष मो. खालिद ने फूड पैकेट्स व मिनरल वाटर की बोतलें वितरित की। राजद नेता ने कहा कि मरीजों के साथ ही उनके परिजनों की बदहाली देखते हुए मदद का प्रयास किया है, साथ ही मास्क व सैनिटाजर भी दिया है। लॉक डाउन में गरीब परिवारों की हालत दयनीय हो गयी है, जिसे देख हर सक्षम लोगों को मदद करने के लिए आगे आना चाहिए।

