खबरें फतुहा की : विधायक मिले शिष्टमंडल से, दबंगों ने दंपति का सिर फोड़ा, ट्रेन से कटकर महिला की मौत
विधायक ने मुख्य पार्षद के शिष्टमंडल से किया मुलाकात
फतुहा। शुक्रवार को स्थानीय निवर्तमान विधायक डॉ. रामानंद यादव फतुहा पहुंचे तथा कल्याणपुर स्थित सामुदायिक भवन में मुख्य पार्षद रुपा कुमारी व उनके वार्ड पार्षदों की शिष्टमंडल से मुलाकात किया। मुलाकात के दौरान उन्होंने राजद के नीतियों को समर्थन देते हुए आम लोगों को जागरुक करने की अपील की। पूर्व नगर उपाध्यक्ष संजय गोप के द्वारा विधायक को जानकारी दी गई कि सात निश्चय योजना सरकारी लापरवाही के कारण पूरा नहीं किया जा सका है। आचार संहिता से पहले कई योजना का टेंडर होने के बाद भी उसे क्रियान्वित नहीं किया जा रहा है। वहीं वार्ड पार्षदों की एक टीम ने जगह चिन्हित होने के बाद भी आॅटो स्टैंड का निर्माण नहीं हो सकने की बात बताई। पूरे शहर के जल निकासी की बात भी उन्हें बताया गया। निवर्तमान विधायक डॉ. रामानंद यादव ने पुन: विधायक बनने पर इन कार्यों को क्रियान्वित करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर दयानंद यादव, रामप्रसाद, भोला सिंह, गनौरी यादव, चंगरु जी, मनोज यदुवंशी, अवधेश सिंह, रिषिकेश यादव, संजय यादव के साथ साथ कई वार्ड पार्षद मौजूद थे।

ट्रेन से कटकर अज्ञात महिला की मौत
फतुहा। शुक्रवार को सुबह रेलवे गुमटी पर एक 50 वर्षीय महिला की मौत ट्रेन से कटकर हो गई। सूचना मिलते ही रेल पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया तथा पोस्टमार्टम के लिए पटना भेज दिया। बताया जाता है कि महिला रेलवे क्रॉसिंग पार कर रही थी, तभी वह तेज रफ्तार की एक ट्रेन के चपेट में आ गयी। रेल पुलिस के अनुसार, मृत महिला की पहचान की जा रही है।
गोबर उठा लेने के विवाद में दबंगों ने दंपति का सिर फोड़ा

फतुहा। शुक्रवार को रुकुनपुर गांव में एक बच्ची के द्वारा गोबर उठा लेने के विवाद में दबंगों ने बच्ची के मां-बाप को मारपीट कर सिर फोड़ दिया तथा गंभीर रुप से जख्मी कर दिया। जख्मी हालत में दंपति थाने पहुंचे तथा दबंगों के विरुद्ध शिकायत दर्ज करायी। बताया जाता है कि पीड़ित दंपति अजय कुमार की बच्ची एक मवेशी खाना से गोबर उठा लिया था। इसी के विवाद में दबंगों ने अजय कुमार व उसकी पत्नी राजकुमारी देवी को मारपीट कर जख्मी कर दिया। पुलिस ने उनदोनो का पीएचसी में इलाज करा मामले की छानबीन करने में जुटी है।

