खबरें फतुहा की : मारपीट में दो जख्मी, राशन सामग्री वितरित, फरार आरोपी धराया, गोलीबारी के आरोप में पांच पर प्राथमिकी
आपसी विवाद में मारपीट के दौरान दो जख्मी
फतुहा। आपसी विवाद के तहत नदी थाना क्षेत्र के सबलपुर में दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस मारपीट की घटना में एक गुट के दो युवक जख्मी हो गए। जख्मी सोहन राज व उसके भाई गौतम कुमार को पुलिस ने सरकारी अस्पताल में इलाज कराया। बताया जाता है कि सोहन राज का अपने ही नातेदारो के साथ ईंट बंटवारे को लेकर विवाद हो गया था। शिकायत के आलोक में पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।

एससी-एसटी एक्ट का फरार आरोपी गिरफ्तार
फतुहा। पुलिस ने वरुणा गांव से एससी-एसटी एक्ट व छेड़खानी के फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी वरुणा निवासी जगदीश कुमार है। वह पिछले सात महीने से फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार उस पर एक महिला दुकानदार के साथ मारपीट व छेड़खानी का आरोप है।
दिहाड़ी मजदूर व ठेला चालकों को दिए गए राशन सामग्री

फतुहा। गुरुवार को फतुहा विधानसभा क्षेत्र के कई इलाके में जदयू के प्रदेश महासचिव डॉ. निहोरा यादव द्वारा ठेला चालकों व दिहाड़ी मजदूरों के बीच राशन सामग्री का वितरण किया गया। उनके द्वारा खासकर जल्ला क्षेत्र में रहने वाले मजदूरों के बीच राशन सामग्री का वितरण किया गया। सामग्री के तहत चावल, दाल, तेल व मसाला दिया गया। उनके अनुसार करीब सात सौ ऐसे परिवार को चिन्हित कर राशन सामग्री का वितरण किया जाएगा। इस मौके पर विनोद माली, राजू यादव, दया शंकर सिंह व धर्मेंद्र कुमार मौजूद थे।
पाइप उखड़ जाने के विवाद में महिला की पिटाई
फतुहा। गुरुवार को पितमबरपुर गांव में घर में बिछे पाइप के उखड़ जाने के विवाद में कुछ लोगों ने एक महिला की पिटाई कर दी। पिटाई से महिला गंभीर रुप से चोटिल हो गई। शिकायत मिलने पर पुलिस ने महिला का इलाज पीएचसी में कराया है। पीड़ित महिला पूजा देवी ने इस संदर्भ में अपने भैंसुर व उसके परिजनों के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है। पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।
गोलीबारी करने व मारपीट करने के आरोप में पांच के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज
फतुहा। बीते रात्रि बांकीपुर मछरियावां गांव में भूमि विवाद को लेकर हुई गोलीबारी में एक गुट के तरफ से जख्मी राजेश पासवान की पत्नी रिंकी देवी ने पांच आरोपियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी है। प्राथमिकी के अनुसार, बताया जाता है कि जख्मी राजेश पासवान अपने घर के पास बैठा हुआ था तभी पड़ोस के ही पांच लोग वहां पर आ गए और जान लेने के नीयत से एकाएक गोलीबारी करते हुए मारपीट शुरू कर दी। विदित हो कि इस घटना में पांच लोग जख्मी हो गए, जिसमें राजेश पासवान व रंजीत पासवान को रेफर कर दिया गया है।

