January 17, 2026

खबरें फतुहा की : मंदिरों में उमड़े शिव भक्त, राजद विधायक ने किया सभा, शिक्षकों ने की भोले बाबा से कामना, चलाया जनसंपर्क अभियान,

शिव मंदिरों में शिव भक्तों का लगा रहा तांता
फतुहा। महाशिवरात्रि पर शुक्रवार को शिव मंदिरों में शिव भक्तों की भारी भीड़ दिनभर उमड़ती रही। शिव भक्तों की मंदिरों में देर शाम तक आना जारी रहा। शिवरात्रि पर भक्त भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा अर्चना तथा मंगलमय कामना की। मस्ताना घाट पर स्थित गंगेशवर नाथ मंदिर, स्टेशन रोड के कल्याण नाथ मंदिर, औद्योगिक क्षेत्र स्थित बाबा बाल नाथ मंदिर, थाना परिसर में स्थित थानेश्वर नाथ मंदिर, प्रखंड कार्यालय स्थित शिव मंदिर में शिव भक्तों का सुबह से शाम तक तांता लगा रहा। इस अवसर पर बाबा कल्याण नाथ मंदिर तथा गंगेश्वर नाथ मंदिर में शिव भक्तों द्वारा भजन कीर्तन का भी आयोजन किया गया। इस दौरान शिव मंदिरों को भव्य रुप से सजाया गया। शिव रात्रि को लेकर बाजारों में भी चहल-पहल दिखी।

बेरोजगारी हटाओ यात्रा को लेकर विधायक ने किया सभा


फतुहा। 23 फरवरी को पटना में होने वाले राजद के बेरोजगारी हटाओ यात्रा को सफल बनाने को लेकर स्थानीय विधायक डॉ. रामानंद यादव ने एक सभा का आयोजन किया। सभा का आयोजन स्थानीय वाणी पुस्तकालय के परिसर में किया गया। सभा को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. रामानंद यादव ने बताया कि पिछले सालों में सुशासन की सरकार में बेरोजगारी की समस्या अहम हो गई है। केन्द्र व राज्य सरकार ने मिलकर युवाओं के कैरियर को नष्ट कर दिया है। सरकारी कंपनियों को निजी हाथ में बेचकर देश की आर्थिक हालात को खराब करने का काम जारी है। ऐसी स्थिति में राजद के द्वारा बेरोजगारी हटाओ यात्रा का शुभारंभ पटना से किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक लोगों को इस मुहिम में शामिल करने की अपील की। मौके पर श्यामनन्दन यादव, दयानंद यादव, मनोज यदुवंशी, कृष्णा सिंह, परशुराम राय, धर्मवीर गोप, मनोज सिंह, भोला सिंह समेत सैकड़ो कार्यकर्ता मौजूद थे।

विधानसभा मार्च के लिए माले ने चलाया जनसंपर्क अभियान
फतुहा। शुक्रवार को भाकपा माले के प्रखंड सचिव शैलेंद्र यादव के नेतृत्व में 25 फरवरी को होने वाली विधानसभा मार्च के लिए कार्यकर्ताओं ने जनसंपर्क अभियान चलाया। यह जनसंपर्क अभियान खरफर, बाली, परसा, सोतीचक, उसफा, बांकीपुर, मछरियावां समेत कई गांवों में चलाया गया। इस अभियान के तहत एनआरसी व सीएए के खिलाफ लोगों को जागरुक करते हुए अधिक से अधिक लोगों को मार्च में शामिल होने के लिए निमंत्रण दिया गया। जनसंपर्क अभियान में दीना साव, रविन्द्र यादव, विनोद यादव, मनोज कुमार, सुशीला देवी, मीना देवी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

हड़ताली शिक्षकों ने भोले बाबा से किया मांगों को पूरी करने की कामना


फतुहा। प्रखंड के नियोजित शिक्षकों की पांचवें दिन भी हड़ताल जारी रही। शुक्रवार को महाशिवरात्रि के अवसर पर हड़ताली शिक्षकों ने शिव मंदिर में जाकर शिव की आराधना की तथा सरकार द्वारा उनके मांगों को पूरा करने की कामना की। इसके बाद हड़ताली शिक्षक बीआरसी भवन के गेट पर पहुंचे तथा अपनी मांगों को लेकर धरना दिया। इस मौके पर रंधीर कुमार, रिषि, दीनानाथ सिंह, हितेश कुमार, धर्मवीर कुमार समेत कई नियोजित शिक्षक मौजूद थे।

बाजार करने आयी महिला लापता
फतुहा। शुक्रवार को थाना क्षेत्र के एक गांव से एक बाजार के लिए चली महिला के लापता हो जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस संदर्भ मे लापता 50 वर्षीय महिला के परिजनों के द्वारा थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया गया है। बताया जाता है कि बीते गुरुवार को महिला अपने ससुराली गांव से बाजार करने फतुहा के लिए चली थी लेकिन वह अब तक अपने गांव वापस नहीं लौटी है। पुलिस शिकायत के आलोक में छानबीन करने मे जुटी है।

You may have missed