January 30, 2026

खबरें फतुहा की: प्रधानमंत्री का पुतला दहन, दो गुटों के बीच जमकर मारपीट, लोजपा का सदस्यता अभियान

पुरानी रंजिश में दो गुटों के बीच जमकर मारपीट, एक जख्मी
फतुहा। रविवार की शाम छोटी लाइन टेम्पो स्टैंड में पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस मारपीट में एक गुट के एक युवक बलवा निवासी बबलू कुमार को विरोधी गुट ने रड से हमला कर सिर फोड़ दिया। घायल युवक ने विरोधी गुट के खिलाफ थाने मे शिकायत दर्ज करायी है। दोनों गुट बलवा गांव के ही हैं। दोनों गुटों के बीच लंबे समय से एक जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इस विवाद के तहत एक युवक की हत्या भी हो चुकी है तथा कई बार गोलीबारी भी हो चुकी है। इस घटना के आलोक में पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है। वहीं दूसरी तरफ सोनारु के यदुवंश नगर में भी असामाजिक तत्वों ने राह चलते एक युवक को मारपीट कर जख्मी कर दिया है। जख्मी युवक अमरेश कुमार ने थाने में असमाजिक तत्वों के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है।

लोजपा ने चलाया सदस्यता अभियान


फतुहा। रविवार को प्रखंड के रुकुनपुर पंचायत के खरफर गांव तथा बाली पंचायत के बरैया कला गांव में लोजपा ने सदस्यता अभियान चलाया। उक्त सदस्यता अभियान लोजपा नेता व पूर्व प्रत्याशी ई. सत्येंद्र सिंह के नेतृत्व में चलाया गया। उनकी उपस्थिति में दोनों गांव में सैकड़ों लोगों को पार्टी का प्राथमिक सदस्यता दिलाया गया। श्री सिंह के अनुसार फतुहा विधानसभा क्षेत्र में 25 हजार लोगों को सदस्यता दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इस मौके पर लोजपा कार्यकर्ता रंजीत यादव, अविनाश सिंह के साथ-साथ मुखिया उमेश ठाकुर, सरपंच दिनेश राम भी मौजूद थे।

एनआरसी व सीएए के खिलाफ राजद ने किया प्रधानमंत्री का पुतला दहन
फतुहा। रविवार को एनआरसी व सीएए के खिलाफ राजद ने विरोध मार्च निकाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। इस दौरान राजद कार्यकर्ताओं ने जमकर केन्द्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे प्रखंड अध्यक्ष दयानंद यादव ने बताया कि यह संघीय मुद्दे हैं जिसे सरकार लागू कर संविधान के साथ धोखा कर रही है। जिला महासचिव मृत्युंजय कुमार ने देश में जातीय गणना करवाने की मांग की। मौके पर राम प्रसाद यादव, दीना यादव, पारस यादव, भोला सिंह, मनोज सिंह समेत कई राजद कार्यकर्ता मौजूद थे।

You may have missed