खबरें फतुहा की : धंधेबाजों ने तीन को पीटा, विधवा महिला के घर में मारपीट

शराब के धंधेबाजों ने तीन को पीटकर किया जख्मी
फतुहा। बीते मंगलवार की रात्री नरैना गांव में शराब के धंधेवाजो ने पिटाई कर एक ही परिवार के तीन लोगों को पीटकर जख्मी कर दिया। तीनों जख्मी सुबह होने पर थाने पहुंचे, जहां से उनका इलाज पीएचसी में कराया गया। जख्मी लोगों में रुदल पासवान, उसकी पत्नी विभा देवी तथा बहन रिंकी कुमारी शामिल है। इस संदर्भ में रुदल पासवान की मां समफुला देवी ने थाने में चार लोगों को नामजद करते हुए शिकायत दर्ज करायी है। वादी समफुला देवी की माने तो बीते रात्रि अपने घर के दरवाजे पर पूरे परिवार के साथ खाना खा रहे थे तभी गली में अनावश्यक रूप से भीड़ लगाकर शराब पीने का काम कर रहे थे। जब मना करने गये तो आरोपियों ने पूरे परिवार की बेरहमी से पिटाई कर दी। शिकायत के आलोक में पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।

पुरानी रंजिश में विधवा महिला को उसके घर में ही मारपीट कर बनाया बंधक


फतुहा। बीते मंगलवार की रात्रि सुपन चक गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस मारपीट की घटना में एक गुट के एक रेलकर्मी रामयत्न यादव और एक विधवा महिला रिंकू देवी जख्मी हो गए। इसके बाद विरोधी गुट ने फिर से विधवा महिला के घर पर चढ़ाई कर दी तथा उसे उसके घर में ही बाहर से ताला लगा बंधक बना दिया। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा बंद ताला को तोड़कर महिला को घर से बाहर निकाला। इस संदर्भ में पीड़ित महिला रिंकू देवी ने विरोधी गुट के खिलाफ नामजद शिकायत भी दर्ज करायी है। पुलिस के अनुसार मामला दोनों गुटों पुरानी रंजिश से जुड़ा है, जिसकी जांच की जा रही है।