खबरें फतुहा की: जमकर चले लाठी-डंडे, नाबालिग किशोरी बरामद, बांटे गए कंबल

गली नाली के विवाद में जमकर चले लाठी-डंडे, पांच जख्मी
फतुहा। बुधवार को बलवा गांव में गली-नाली के विवाद में दो गुटों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। इस घटना में एक गुट के पांच लोग जख्मी हो गए। सभी घायल उसी अवस्था में थाने पहुंचे। पुलिस ने सभी का इलाज पीएचसी में कराया है। घायलों में मुनील कुमार, छोटू कुमार, पिंटू सिंह, ब्रह्म सिंह तथा गिरिजा देवी शामिल है। बताया जाता है कि इस विवाद के तहत मुनील कुमार का अपने ही पड़ोसी मुनारिक सिंह से विवाद हो गया था। वहीं दूसरी गुट के द्वारा भी घर में घुसकर मारपीट का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज करायी है। पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।

घर से फरार नाबालिग किशोरी को पुलिस ने मुगलसराय से किया बरामद
फतुहा। करीब पन्द्रह दिन पहले प्रेम प्रसंग में घर से फरार हुई नाबालिग किशोरी को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मुगलसराय से बरामद किया है। किशोरी को पुलिस ने वहां के एक सुधार गृह से लाया है। वहीं आरोपी प्रेमी फरार बताया जाता है। थानाध्यक्ष मनीष कुमार के अनुसार किशोरी का न्यायालय में 164 का बयान दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। विदित हो कि इस सन्दर्भ में किशोरी के पिता ने थाने में आरोपी के खिलाफ शादी के नीयत से भगा लिए जाने का आरोप लगाते हुए थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी थी।

केन्द्रीय मंत्री के सौजन्य से बांटे गए कंबल


फतुहा। बुधवार को स्थानीय सोरा कोठी व दरियापुर मुहल्ले में केन्द्रीय मंत्री सह सांसद रवि शंकर प्रसाद के सौजन्य से आए कंबल का वितरण किया गया। कंबल का वितरण असहायों व निर्बलों के बीच भाजपा के नगर अध्यक्ष शोभा देवी के द्वारा वितरण किया गया। मौके पर अनामिका अग्रवाल व अन्य भाजपा के कार्यकर्ता मौजूद थे।

You may have missed