खबरें फतुहा की : क्रिकेट के नाम पर सट्टे का खेल, हजारों की चोरी, माले का धिक्कार दिवस
क्रिकेट पर चल रहा था सट्टे का खेल, पुलिस देख भागे लोग
फतुहा। शनिवार को थाना क्षेत्र के परसा गांव के समीप क्रिकेट के नाम पर सट्टेबाजी का खेल चल रहा था। अधिकांश लोग वहां भीड़ जुटा अपने-अपने जुगाड़ में लगे थे। जानकारी होते ही पुलिस वहां पहुंच गयी। पुलिस को देखते ही सभी भाग खड़े हुए। पुलिस ने कुछ दूर तक खदेड़ा भी लेकिन कोई हाथ नही लगा। ग्रामीणो की माने तो वहां सट्टेबाजी के तहत पिछले कुछ दिनों से क्रिकेट खेलाया जा रहा था। थानाध्यक्ष मनीष कुमार के अनुसार सट्टेबाजी हो रही थी या नहीं, इसकी पड़ताल की जा रही है।

जमीन घेरने के विवाद में मारपीट, युवती जख्मी
फतुहा। थाना क्षेत्र के गोरी पुंदह गांव में एक जमीन घेरने के विवाद में दो गुटों के बीच मारपीट हो गई। इस घटना में एक गुट की तरफ से अपने मायके आई एक युवती पिंकी कुमारी गंभीर रूप से जख्मी हो गई। उसका इलाज पीएचसी में कराया गया। युवती की मां सीता देवी ने थाने में विरोधी गुट के लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।
नवनिर्मित मकान से हजारों की चोरी
फतुहा। सोनारू गांव के पास एक नवनिर्मित मकान से चोरों ने शुक्रवार की रात बीस हजार रुपए नकद, दो मोबाइल फोन तथा मकान में लगा मोटर चोरी कर लिया। मकान मालकिन महारानी चौक निवासी संगीता गुप्ता को इसकी जानकारी तब हुई जब वह सुबह साफ-सफाई के ख्याल से अपने नवनिर्मित मकान पहुंची। संगीता गुप्ता ने अज्ञात के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
रेल हादसे व गैस लीक कांड के विरोध में माले का धिक्कार दिवस
फतुहा। शनिवार को भाकपा माले के कार्यकतार्ओं ने अपने पार्टी कार्यालय से लेकर प्रखंड की कई जगहों पर औरंगाबाद, महाराष्ट्र के रेल हादसे व विशाखापत्तनम के गैस लीक कांड के विरोध में धिक्कार दिवस मनाया। इसके पहले दोनों हादसे में मारे गए लोगों के प्रति शोक संवेदना प्रकट की गई। इन दोनों घटनाओं के लिए कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार को जिम्मेवार बताया। प्रखंड सचिव शैलेंद्र यादव ने बताया कि केंद्र सरकार अमीरों के लिए लॉकडाउन में हवाई सेवा खुलवा रही है लेकिन गरीब प्रवासियों के लिए एक ट्रेन भी उपलब्ध नहीं करवा रही है।
मृतक के आश्रितों को जल्द मिले राशि
फतुहा। शनिवार को विधायक डॉ. रामानंद यादव ने नोहटा निवासी अर्जुन प्रसाद के परिजनों से मुलाकात की तथा सांत्वना दी। उन्होंने परिजनों के समक्ष ही एसडीओ व बीडीओ से फोन पर बात कर आश्रित परिजनों को सहायता राशि उपलब्ध कराने की मांग की। मौके पर दयानंद यादव, नवल किशोर सिंह, रामा शंकर सिंह समेत कई लोग मौजूद थे।
ट्रांसफार्मर से तेल की चोरी
फतुहा। थाना क्षेत्र के मुरेरा गांव के समीप लगे 200 के वी के लगे नये ट्रांसफार्मर से बीते रात्रि चोरों ने तेल की चोरी कर ली। जानकारी होते ही दनियावा विधुत प्रशाखा के कनीय अभियंता ब्रज भूषण कुमार ने अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।

