खबरें फतुहा की : आम के फसल को नुकसान, नौ प्रवासी पहुंचे, युवक का शव बरामद, बैंककर्मी व एएसपी सम्मानित

बारिश व आंधी से आम के फसल को हुआ भारी नुकसान
फतुहा। पिछले दिनों लगातार आए आंधी व बारिश से प्रखंड क्षेत्र में आम के फसल को भारी नुकसान हुआ है। आंधी व तेज बारिश से पेड़ में लगे आम का फसल काफी मात्रा में झड़ गये हैं। हालांकि आम की फल अभी पूरी तरह से पुष्ट नहीं हो पाई है लेकिन काफी मात्रा में पेड़ से टूटकर झड़ गये हैं। यह देख किसान काफी मायूस हैं। किसानों की माने तो इस आंधी बारिश से 60 प्रतिशत से अधिक आम के फल का नुकसान हुआ है। जहां बागवानी मिशन ने भी आम के फलों का ज्यादा नुकसान बताया है। वहीं प्रखंड कृषि पदाधिकारी भी आम के फलों के नुकसान को अधिकतम बताया है। किसान विनय सिंह ने बताया कि इस संदर्भ में जिला उद्यान विभाग को लिखित शिकायत की गयी है।

नौ प्रवासी मजदूर पहुंचे फतुहा
फतुहा। प्रवासी मजदूरों का फतुहा आना जारी है। प्रखंड क्षेत्र के रहने वाले कुल नौ प्रवासी बुधवार को फतुहा पहुंचे। सभी को स्थानीय हाईस्कूल में प्रशासन द्वारा क्वारंटाइन किया गया। इसके पहले बस से सभी प्रवासियों को फतुहा प्रखंड परिसर में पहुंचाया गया। पांच प्रवासी सूरत से, केरल से दो प्रवासी तथा टाटा से दो प्रवासी फतुहा आए हैं। सभी प्रवासी प्रखंड के उसफा तथा मानसिंहपुर पंचायत के रहने वाले बताए गए हैं। तीन प्रवासी बस से उतरने के बाद अपने गांव की ओर चले गए थे, जिसे पुलिस प्रशासन ने खोजकर क्वारंटाइन सेंटर सेंटर पहुंचाया। इसके बाद हाईस्कूल में पुलिस प्रशासन की सख्ती बढ़ा दी गई। शाम को सभी प्रवासियों की हाजिरी ली गई। इस दौरान बीडीओ मृत्युंजय कुमार, थानाध्यक्ष मनीष कुमार, वार्ड पार्षद दीपक कुमार समेत स्वास्थ्य कर्मी व कोरोअंटाइन कर्मी मौजूद थे।
गंगा में डूबे युवक का शव दूसरे दिन बरामद
फतुहा। बीते मंगलवार को त्रिवेणी घाट पर गंगा में डूबे युवक का शव बुधवार को खुसरुपुर थाना क्षेत्र के आदिलपुर गांव के पास बरामद कर ली गई। एसडीआरएफ की टीम ने शव को बरामद कर नदी थाना पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना भेज दिया है। विदित हो कि नालंदा जिले के नगरनौसा निवासी संतोष कुमार स्थानीय त्रिवेणी घाट पर स्नान के दौरान गंगा में डूब गया था तथा वह लापता हो गया था। शव की तलाशी के लिए एसडीआरएफ की टीम को लगाया गया था।
लापता महिला थाने पहुंचकर दहेज प्रताड़ना का लगाया आरोप
फतुहा। करीब 15 दिन पहले सोरा कोठी मुहल्ले से अपनी बच्ची के साथ लापता महिला ने बुधवार को थाने पहुंचकर ससुराली परिजनों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है। इस सन्दर्भ में वह थाने में करीब एक लाख रुपये की दहेज मांगने का आरोप लगाते हुए शिकायत भी दर्ज करायी है। पीड़ित महिला पूजा देवी की माने तो वह अपने ननद के भाई से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। प्रताड़ना से उबकर ही वह लॉक डाउन में घर छोड़कर अपनी मायके मसौढ़ी चली गई थी। लापता होने के बाद उसके पति ने गुमशुदगी का मामला भी दर्ज कराया था।
पहली बार बैंककर्मी किए गए सम्मानित
फतुहा। लॉक डाउन में अपार भीड़ से लगातार जूझते हुए बैंक कर्मियों को पहली बार सोशल टीम के सदस्यों के द्वारा सम्मानित किया गया। सोशल टीम के द्वारा बैंक कर्मियों को अंग वस्त्र व पुष्प देकर सम्मानित किया गया तथा उनके जज्बे को सलाम किया गया। एसबीआई, पीएनबी, बैंक आॅफ इंडिया, केनरा बैंक, एक्सिस बैंक समेत अन्य बैंक कर्मियों को भी उनके बैंक परिसर में ही जाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान सोशल टीम के सदस्य के रुप में अनिल राज, पंकज पेप्सी, राजन कुमार, सुधीर कुमार, अमरेन्द्र कार्टूनिस्ट समेत कई लोग मौजूद थे।
एएसपी भी किए गए सम्मानित
फतुहा। बुधवार को एएसपी मनीष कुमार सिन्हा को भी फतुहा अनुमंडल क्षेत्र में अपराध की ग्राफ को कम करने तथा कोरोना आपदा में भी सभी के साथ सामंजस्य बैठा लॉक डाउन को काफी हद तक सफल बनाने को लेकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें प्रेम यूथ फाउंडेशन के तरफ से किया गया। मौके पर प्रेम कुमार व शिशुपाल यादव समेत अन्य लोग उपस्थित थे।