PATNA : तेज रफ़्तार क्रेटा कार ने ई-रिक्शा में मारी टक्कर, एक की मौत, दूसरा आईसीयू में, हंगामा
पटना। राजधानी पटना के राजीव नगर में बुधवार की सुबह 6 बजे के करीब राजीव नगर गैस गोदाम के पास तेज रफ़्तार क्रेटा कार से ई-रिक्शा की टक्कर में दो लोग घायल हो गए। बाद में इलाज के दौरान एक की मौत हो गई जबकि दूसरा आईसीयू में है। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने कार को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर उसे पलट दिया। इस दौरान हंगामे का फायदा उठाकर कुछ लोग कार के चारों पहिए खोलकर ले जाने की भी फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने बचा लिया।
एक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर
मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में ई-रिक्शा सवार संतोष (49 वर्ष) की मौत हो गई है जबकि चालक प्रवीण (20 वर्ष) की स्थिति गंभीर है। प्रवीण राजीव नगर रोड नंबर 14 का रहने वाला है। उसके दोनों पैर और हाथ में फ्रैक्चर है। सिर में चोट है। डॉक्टरों के अनुसार प्रवीण आईसीयू में है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उसकी शादी हो चुकी है। 3 महीने का एक बच्चा भी है। परिजनों ने बताया कि वह सुबह 5 बजे ही घर से निकला। सीधे संतोष के पास गया। राजीव नगर में ही सुशांत सिंह राजपूत चौक पर संतोष के किराने की दुकान है। संतोष के साथ प्रवीण को बाजार समिति जाना था। वहीं के लिए निकले थे। तभी हादसा हुआ। संतोष वैशाली के भरतपुर के रहने वाले थे।
फाइनेंस पर खरीदी गई है कार
हादसे के बाद लोगों ने क्रेटा कार को बुरी तरह क्षतिग्रस्त करने के बाद पलट दिया। सड़क पर टायर जलाकर आगजनी की, करीब तीन घंटे तक हंगामा हुआ। हादसा की सूचना मिलते ही पाटलिपुत्रा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास की। जब लोग नहीं माने तब पुलिस ने सड़क जाम कर रहे लोगों को खदेड़ दिया। लोग कार चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है। कार चालक की तलाश की जा रही है। कार सुनील कुमार के नाम से है। इसे एक प्राइवेट बैंक से फाइनेंस पर खरीदा गया है।
कार में सवार युवक नशे में थे
स्थानीय लोगों का कहना है कि कार में दो युवक सवार थे। दोनों नशे में थे। हादसे के बाद कार बंद हो गई। चालक ने कार को स्टार्ट करने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हुए। इसके बाद दोनों कार को ठेलकर आगे ले जाने लगे, इसके बावजूद भी जब कार स्टार्ट नहीं हुई तो मौके से भाग गए। भागते समय दोनों कह रहे थे कि पैसा देकर सब मैनेज कर लेंगे।
पहिया खोल रहे थे चोर
इसी दौरान चोरों ने मौके पर फायदा उठाकर क्षतिग्रस्त कार के चारों पहिए को खोल दिया। चोर पहिए को ले जा रहे थे, तभी पुलिस की नजर उन पर पड़ी। पुलिसवालों ने पहिए को जब्त कर चोर को हिरासत में ले लिया।


