कोरोना से बचाव को महिला वार्ड सदस्यों ने शुरू किया घर-घर जागरूकता सह स्वछता कार्यक्रम
पालीगंज (वेद प्रकाश)। ‘साफ-सफाई का रखो ध्यान, कोरोनो से बचाव का यही है सही ज्ञान’ के नारे के साथ पालीगंज प्रखंड की महिला पंचायत जन प्रतिनिधियों द्वारा कोरोना वायरस की जानकारी देने और उसके बचाव के उपाय को लेकर घर-घर जागरूकता कार्यक्रम के तहत हाथ धोने की जानकारी एवं सर्दी-खांसी से पीड़ित परिवारों को परामर्श देने का कार्य किया।
पालीगंज प्रखंड की महिला वार्ड सदस्य रुनटा देवी (चंधोस पंचायत), चंपा देवी एवं माधुरी देवी (जरखा पंचायत) ने अपने-अपने वार्ड में बढ़-चढ कर आयोजन में भाग लिया। उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस को लेकर बिहार सरकार द्वारा किये जा रहे प्रयास की हम सराहना करते हैं पर आंगनबाड़ी केन्द्रों के संचालन पर रोक लगा भर देने से इस पर काबू नहीं किया जा सकता है। हमारा मानना है कि सरकार एवं हम सबों की जिम्मेदारी है कि समुदाय को कोरोना के बारे में सही जानकारी दिया जाये। उनको चिंता या घबडाहट में डालकर स्थिति से मुकाबला नहीं किया जा सकता है। उनके अनुसार कोरोना को लेकर लोग डरे हुए है, मगर कोई भी इसके बचाव के उपाय पर बात नहीं कर रहा है।
इन महिला वार्ड सदस्यों के द्वारा घर-घर संपर्क के दौरान पुरुष, महिला, किशोरी और बच्चों के साथ हाथ की साफ-सफाई पर विशेष चर्चा का आयोजन किया गया। जिसमें हाथ की साफ सफाई के छह चरण को बताया गया। इतना ही नहीं, महिला जनप्रतिनिधियों के द्वारा परिवारों को परामर्श देने के साथ-साथ उन्हें साफ-सफाई रखने हेतु शपथ भी दिलवाया जा रहा है।


