February 16, 2026

BIHAR : कोरोना गाइनलाइन के साथ सोमवार से खुलेंगे 9वीं से 12वीं तक के स्कूल

पटना। कोरोना काल के बीच लगभग 9 माह के बाद बिहार में स्कूल, कोचिंग समेत अन्य शिक्षण संस्थान खुलने को तैयार हैं। सोमवार को प्रदेश के करीब आठ हजार सरकारी माध्यमिक व उच्च माध्यमिक स्कूलों में कुल 36 लाख 61 हजार 942 बच्चे नामांकित हैं, लेकिन सरकार के गाइडलाइन के मुताबिक इनमें से हर कक्षा में आधे ही बच्चे एक दिन में स्कूल आ सकेंगे। मतलब एक दिन में अधिकतम 18 लाख 30 हजार 971 छात्र ही स्कूल आ सकेंगे।
बता दें कि राज्य के सरकारी स्कूल, कोचिंग, कॉलेज समेत शिक्षण संस्थान पिछले साल 14 मार्च से ही बंद हैं। इस बीच 23 सितम्बर से 9वीं से 12वीं तक के स्कूल 33 फीसदी उपस्थिति के साथ मार्गदर्शन कक्षाओं के लिए खोले जा चुके हैं। सरकार के आपदा प्रबंधन समूह ने 18 दिसम्बर को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में 4 जनवरी से प्रदेश के 9वीं से लेकर 12वीं तक के सभी स्कूलों को 50 फीसदी उपस्थिति के साथ खोलने का निर्देश दिया है। इसको लेकर शिक्षा विभाग ने बीते 24 दिसम्बर को विस्तृत गाइडलाइन जारी किया था।
इन निर्देशों पर तैयारी को लेकर शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों के साथ 30 दिसम्बर को वीडियो कांफ्रेंसिंग से बैठक की। बैठक में स्पष्ट किया गया कि सरकारी स्कूलों में 9वीं से 12वीं तक में अध्ययनरत 18,03,709 छात्र व 18,58,233 छात्राओं में से आधे छात्र ही एक दिन में विद्यालय आयेंगे। उन्होंने स्कूल की कक्षाओं को सेनेटाइज करने, बच्चों के विद्यालय में सुरक्षित प्रवेश व निकास, भीड़ जमा होने वाली गतिविधियों से परहेज, हाथ धोने व साबुन की व्यवस्था, हर बच्चे को दो-दो मास्क देने को लेकर निर्देश दिए। स्कूलों को नगर निगम के सहयोग से कक्षाएं सेनेटाइज करनी हैं। यदि दिक्कत हो तो विद्यालय कोष की राशि से यह व्यवस्था करनी है।

You may have missed