February 18, 2026

कोरोना को लेकर पैनिक होने की नहीं, सचेत रहने की जरूरत: सुशील मोदी

पटना। कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए बिहार सरकार ने प्रोएक्टिव कदम उठाए हैं। भाजपा ने 20-22 मार्च तक राजगीर में होने वाले प्रशिक्षण शिविर को स्थगित करने का निर्णय लिया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 22 मार्च को राजगीर आने वाले थे।
बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने कहा कि कोरोना को लेकर पैनिक होने की जरूरत नहीं है। बस लोगों को सचेत रहने की जरूरत है। एक दूसरे से दूरी बनाकर रखें। एक व्यक्ति और दूसरे व्यक्ति के बीच एक मीटर की दूरी रखें। जागरूकता से हम कोरोना वायरस के हमले का सामना कर पाएंगे। राज्य सरकार काम कर रही है। जनता का भी सहयोग चाहिए। मास्क को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई है। सभी लोगों के लिए मास्क पहनना जरूरी नहीं है, जिन्हें सर्दी-खांसी है वे मास्क पहनें।
मोदी ने शनिवार को कहा कि बिहार के सात जिले नेपाल से जुड़े हैं। नेपाल में कोरोना वायरस का पॉजिटिव केस पाया गया है। बोधगया में बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक आते हैं। बिहार में अभी तक एक भी पॉजिटिव केस नहीं पाया गया है। कुछ लोगों को संदेह के आधार पर अलग रखा गया है। बिहार में वायरस का संक्रमण न फैले इसके लिए राज्य सरकार ने हर संभव कदम उठा रही है। मोदी ने आगे कहा कि वेंटिलेटर की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में आईसोलेशन वार्ड का निर्माण किया गया है। डॉक्टरों की छुट्टी रद्द कर दी गई है। सभी दलों में सहमति बनी तो विधानसभा के सत्र को भी छोटा किया जा सकता है। हमलोगों ने देखा है कि दुनिया के जिन देशों ने समय के पहले कदम उठाया उन सभी जगहों पर कोरोना को रोकने में सफलता मिली है।

You may have missed