कोरोना को लेकर एहतियाती कदम : बेउर और फुलवारी जेल में मुलाकाती पर लगी रोक
फुलवारी शरीफ। कोरोना से जेलों में बंद बंदियों को बचाने के लिए सरकार के आदेश के बाद अब जेलों में भी बचाव के तरीके अम्ल में लाये जा रहे हैं। इसके तहत अगले आदेश एक सप्ताह तक पटना के आदर्श केन्द्रीय कारा बेउर और फुलवारी शिविर मंडल कारा में बंदियों से मुलाकाती पर रोक लगा दिया गया है। कारा अधीक्षक जवाहर लाल प्रभाकर ने बताया कि मुलाकाती पर रोक का आदेश एक सप्ताह तक ही है और इसके बाद अगले आदेश का पालन किया जायेगा। इसके अलावा जेलों में आने वाले नए बंदियों को तीन दिनों तक आमद वार्ड में रख निगरानी की जाएगी, उसके बाद ही उन्हें दूसरे बंदियों के साथ जनरल वार्ड मुहैया कराया जायेगा। उन्होंने बताया कि जेल में बंदियों के बीच कोरोना वायरस से बचने के तौर तरीके बताने के लिए जागरूकता कार्यकम चलाया गया, साथ ही बंदियों को साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के लिए कारा प्रशासन ने साबुन भी वितरित किया।
कारा अधीक्षक ने बताया कि पटना हाईकोर्ट के आदेश के आलोक में कैदियों को संक्रमण से बचाने के लिए अब जेल से ही विशेष परिस्थिति में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सुनवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ये सभी कदम एहतियातन उठाए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील किया है कि जरुरी नहीं हो तो जेल गेट पर मुलाकाती के लिए भीड़ न लगायें। बंदियों के हितों का ख्याल रखते हुए ही मुलाकाती रोक लगाया गया है।


