December 7, 2025

केन्द्र एवं राज्य सरकार की विफलता को प्रमुखता से उठाएगी कांग्रेस, चुनाव समिति की आवश्यक बैठक में निर्णय

पटना। बिहार कांग्रेस कमिटी के चुनाव समिति की एक आवश्यक बैठक बुधवार को कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के बिहार प्रभारी व सांसद शक्ति सिंह गोहिल, सचिव बीरेन्द्र सिंह राठौर, कांग्रेस विधान मंडल दल के नेता सदानन्द सिंह, प्रदेश कांग्रेस अभियान समिति के अध्यक्ष डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह, पूर्व केन्द्रीय मंत्री तारिक अनवर, पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार एवं अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेता उपस्थित थे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रदेश चुनाव समिति के प्रत्येक सदस्य एक-एक जिले का दौरा करेंगे एवं प्रत्येक दिन दो प्रखंडों का दौरा कर वहां के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित कर पार्टी संगठन की स्थिति की समीक्षा कर उसकी रिपोर्ट एवं कांग्रेस के डिजिटल सदस्यता अभियान के बारे में कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित कर उसकी भी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस प्रभारी को सौंपेंगे, साथ ही जिला में विधानसभा की कितनी सीट है, वर्तमान विधायक किस दल का और कौन है तथा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के किस कार्यकर्ता की मजबूत स्थिति है तथा इन सीटों पर कम से कम दो और ज्यादा से ज्यादा 5 सीटों पर क्रमानुसार गोपनीय रिपोर्ट देनी होगी। उन्होंने बताया कि जिले के सभी प्रखंडों का दौरा कर अंत में जिला स्तर पर पत्रकार वार्ता होगी, जिसमें केन्द्र एवं राज्य सरकार की विफलता को प्रमुख रूप से उठाएगी, साथ ही कांग्रेस पार्टी के सकारात्मक मुद्दों एवं जिले की समस्याओं पर भी चर्चा करेगी। बैठक में बिहार प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने कहा कि इस बार कांग्रेस सम्मान जनक सीटों पर ही समझौता करेगी। उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि बिहार में अभी वातावरण जदयू-भाजपा सरकार के खिलाफ है और हमें गांव-गांव जाकर लोगों को इस बारे में जानकारी देनी है।
चुनाव समिति की बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने शक्ति सिंह गोहिल के राज्य सभा सदस्य चुने जाने पर कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी को धन्यवाद दिया। इस आशय का सर्वसम्मति से बैठक में प्रस्ताव पास किया गया। वहीं कांग्रेस विधान मंडल दल के नेता सदानन्द सिंह ने कहा कि हमें अपनी पिछले लोकसभा चुनाव में महागठबंधन के घटक दलों के बीच हुए समझौते से सबक लेते हुए इस बार कांग्रेस को सम्मान जनक सीटों पर समझौता करना चाहिये।
बैठक को पूर्व केन्द्रीय मंत्री तारिक अनवर, पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार, श्याम सुन्दर सिंह धीरज, पूर्व अध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा, चन्दन बागची, अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के सचिव डॉ. चन्दन यादव, डॉ. शकील अहमद खान, एमएलसी प्रेमचन्द्र मिश्र, पूर्व मंत्री अवधेश कुमार सिंह, रामदेव राय, कृपानाथ पाठक, विजय शंकर दूबे, डॉ. ज्योति, अर्जुन मंडल, आदि ने भी अपने बहुमूल्य सुझाव दिये।
कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष एचके वर्मा ने बताया कि सर्वप्रथम चुनाव समिति के सभी सदस्यों ने लद्दाख के गलवान घाटी में चीनी सेना के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए देश के बीस जवानों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उनको श्रद्धांजलि दी गई।

You may have missed