February 16, 2026

केंद्रीय मंत्री ने कहा, कोरोना वैक्सीन लोगों को देने के लिए पोलिंग बूथ की तरह हो रही तैयारी

कोरोना वैक्सीन हर व्यक्ति को पहुंचाना मोदी सरकार का लक्ष्य, पश्चिम बंगाल में ममता के गुण्डागर्दी का जवाब बैलेट से देकर उखाड़ फेकेंगी जनता


पटना। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि किसान आंदोलन के नाम पर विपक्षी पार्टियां बरगलाने का काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना वैक्सीन हर व्यक्ति तक पहुंचाना मोदी सरकार का लक्ष्य है और इसमें हम पूरे तरीके से प्रयत्नशील हैं। वहीं पश्चिम बंगाल के मामले पर श्री चौबे ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, राष्ट्रीय महामंत्री और बंगाल के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय तथा अन्य नेताओं के काफिले पर हमला ममता बनर्जी की हताशा को दर्शाता है। श्री चौबे आज पटना में राष्ट्रीय अतिथि शाला में पत्रकार वार्ता में बोल रहे थे।

अश्विनी चौबे ने कहा कि किसान आंदोलन के नाम पर विपक्षी पार्टियां किसानों को बरगलाने का काम कर रही है। मोदी सरकार और भाजपा किसानों का सबसे बड़ा हमदर्द है और वह किसानों के दर्द को जानती है। सरकार ने इस मामले पर पहले ही कह दिया है कि वह हर बातचीत के लिए तैयार है। किसानों के हित में कोई भी कदम उठाने को तैयार है। मोदी सरकार ने ही एमएसपी को डेढ़ गुना बढ़ाया और इस साल की खरीद भी डेढ़ गुना ज्यादा हुई है। लेकिन वामपंथी और देश विरोधी ताकते इस मामले में जानबूझकर राजनीति कर रही है, जिसको बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है।

वहीं कोरोना वैक्सीन की तैयारियों के संबंध में श्री चौबे ने कहा कि बिहार में इसके लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। केंद्र सरकार और बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय जिला प्रशासन के माध्यम से इस दिशा में पर्याप्त काम कर रहा है। कोरोना वैक्सीन लोगों को देने के लिए पोलिंग बूथ की तरह तैयारी की जा रही है। राज्य सरकार की जो मांग है, उसको पूरा करने के लिए केंद्र सरकार प्रयत्नशील है। एक बूथ पर लगभग 100 लोगों को यह वैक्सीन दिया जाएगा। सबसे पहले कोरोना वारियर्स को, इसके बाद फ्रंटलाइन वारियर्स को तथा उसके बाद 60 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को वैक्सीन दिया जाएगा। महीने में दो डोज दिया जाएगा। पूरे देश में लोगों को यह वैक्सीन देने के साथ ही विश्व स्तर पर भारत सरकार ने फैसला किया है कि दुनिया के गरीब देशों को 20% वैक्सीन मुफ्त दिया जाएगा। पिछले महीने यूरोपियन यूनियन तथा अन्य देशों के स्वास्थ्य मंत्रियों की ब्रिटेन के स्वास्थ्य मंत्री के नेतृत्व में मेरे साथ हुई बैठक में यह तय किया गया था। यह निर्णय हमारे वसुधैव कुटुंबकम की अवधारणा को और सुदृढ़ करती है। पश्चिम बंगाल में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के ऊपर हुए हमले को लेकर चौबे ने कहा कि ममता बनर्जी और टीएमसी के गुंडों की “विनाश काले विपरीत बुद्धि” को दर्शाती है। बंगाल जैसी राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक उत्थान, समाज सुधार, बौद्धिकता वाद और विकासशील धरती पर इस तरीके का गुंडई व अराजकता को बंगाल की जनता ही स्वीकार नहीं करेगी। भारतीय लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं है। वामपंथियों के गुंडागर्दी के खिलाफ लोगों की सहानुभूति लेकर बंगाल की सत्ता में आई ममता बनर्जी आज वामपंथियों के गुंडागर्दी और तथाकथित धर्मनिरपेक्षता को अपनाकर भारतीय लोकतंत्र के टुकड़े टुकड़े करना चाहती हैं। इसका जवाब बंगाल की जनता विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को देगी।

You may have missed