BIHAR : कृषि बिल के विरोध में राजद का राज्यव्यापी प्रदर्शन 25 सितम्बर को

पटना। राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानन्द सिंह ने संसद द्वारा पारित कृषि बिल को किसान विरोधी बताते हुए कहा है कि राजद इस बिल का विरोध करती है और इसके विरोध में आगामी 25 सितम्बर को सभी जिला मुख्यालयों पर राजद द्वारा प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बिहार सरकार को किसान और गरीब विरोधी बताते हुए कहा कि बिहार में 2006 में ही एपीएमसी बंद कर दिया गया था, जिसका परिणाम यह हुआ कि बिहार सरकार के कुल खाद्यान लक्ष्य का 1 प्रतिशत की भी खाद्यान की खरीद नहीं हो सकी। यदि एपीएमसी एक्ट में संशोधन से किसानों को लाभ मिलता तो बिहार के किसानों की संपन्नता दिखाई पड़ती। जबकि 2006 के बाद बिहार के किसानों की स्थिति काफी बदतर हो गई है और किसान खेती छोड़कर बड़ी संख्या में रोजी-रोटी की तलाश में दूसरे राज्यों में पलायन करने को मजबूर हो रहे हैं। वहीं पार्टी प्रवक्ता चितरंजन गगन ने बताया कि पार्टी नेतृत्व के निर्देशानुसार कृषि बिल के विरोध में 25 सितम्बर को सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर इस किसान विरोधी बिल को वापस लेने की मांग की जायेगी।

You may have missed