कृषि चौपाल कार्यक्रम : बीजों और पौधों को बच्चों की तरह समय पर टीका लगाएं
बाढ़। पंडारक प्रखंड के कुंडी पंचायत में मंगलवार को कृषि चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत पंचायत के मुखिया मनोज राम के नेतृत्व में शुरू की गई। पंडारक प्रखंड के तकनीकी कृषि प्रबंधक धनंजय कुमार ने बताया कि पूरे बिहार में किसान चौपाल कार्यक्रम 7 से 21 दिसंबर तक 38 जिलों के 534 प्रखंडो में चलाया जा रहा है, जहां कृषि विभाग के अधिकारी और कर्मी किसानों को कृषि संबंधी जानकारी दे रहे हैं। इसी क्रम में कुंडी पंचायत के आत्मा कार्यालय में किसान चौपाल का आयोजन कर किसानों को कृषि संबंधी मुख्य बातें, जिसमेंं किसान वर्तमान योजना, कृषि पुरस्कार योजना, पशुपालन योजना के बारे में बताई गयी। इसके साथ ही किसानों को बीज टीकाकरण के बारे में भी जानकारी दी गई कि जिस प्रकार से बच्चों को समय पर टीका लगाया जाता है, उसी प्रकार बीजों और पौधों को भी टीका लगाएं ताकि फसल और सब्जी अच्छे उत्पादन के साथ ससमय उपज सके। इस मौके पर पंचायत के दर्जनों किसान मौजूद रहे।


