किसानों से धोखा : व्यापारियों ने साल भर पहले मसूर खरीदा, लेकिन नहीं दे रहे पैसे, शिकायत दर्ज
फतुहा। मंगलवार को किसानों से लाखों रुपये की मसूर खरीदने के बाद व्यापारियों द्वारा भुगतान में धोखा दिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस संदर्भ मे सोतीचक के पीड़ित 12 किसानों ने संयुक्त रुप से थाने में फतुहा के तीन व्यापारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है तथा कार्रवाई कर पैसे की भुगतान कराने की मांग की है।
पीड़ित किसानों के अनुसार, गोविंदपुर के तीन व्यापारियों ने साल भर पहले कच्चे चिठ्ठे के आधार पर मसूर खरीद लिए थे तथा पैसे का भुगतान जल्द ही करने का आश्वासन दिया। लेकिन व्यापारियों ने आज तक पैसे का भुगतान नहीं किया है। व्यापारियों के अनुसार, गांव के 12 किसानों से करीब 19 लाख रुपए की मसूर की खरीदगी की थी। बार-बार व्यापारियों के पास जाने पर उनके द्वारा बहाना बनाया जाता है। किसानों ने बताया कि पैसे की भुगतान नहीं होने से घरों की हालत दयनीय हो गई है तथा आगे फसल उत्पादन करने में आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों ने अलग-अलग किसानों से अलग-अलग मात्रा में मसूर की खरीदगी की थी। शिकायत के आलोक में पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।


