January 26, 2026

PATNA : काना नक्षत्र की तीन दिन की बारिश से लहलहाए धान के फसल, किसानों के चहक उठे चेहरे

फतुहा। पटना समेत बिहार के विभिन्न जिलों में पिछले तीन दिनों से हो रही झमाझम बारिश में धान के पौधे लहलहा उठे हैं, जिससे किसानों के मुरझाए चेहरे एकबारगी चहक उठे हैं। बीते दिनों वर्षा न होने से जो धान के पौधे सूख रहे थे तथा पीला पड़ गये थे, वो धान के पौधे भी तीन दिन की बारिश में खिल उठे हैं। धान के पौधे में लगे धान की पूंज भी लहालहा उठी है। यह देख प्रखंड क्षेत्र के किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं। साथ ही किसानों के बीच ‘धान-पान नित स्नान’ की कहावत भी चरितार्थ हो रही है।
किसानों की मानें तो धान की पौधे जितने बार प्राकृतिक स्नान करेगा, उतना ही धान के पौधे विकसित होंगे और फसल अच्छी होगी। आत्मा अध्यक्ष विनय सिंह ने बताया कि बीते दिनों वर्षा के न होने से पौधे पीले पड़ने लगे थे तथा उसमें कीट भी लगने की आशंका बन गई थी। लेकिन इस काना नक्षत्र की बारिश ने धान के पौधे में नयी जान डाल दी है। वहीं प्रखंड क्षेत्र के सभी क्षेत्रों में इस बारिश से धान के पौधो में काफी हद तक जान आ गयी है। किसानों ने इस बार धान की अच्छी फसल होने की संभावना जताई है।

You may have missed