कांग्रेस विधायक रामदेव राय के निधन से कांग्रेस में शोक की लहर, कल बेगूसराय के सिमरिया घाट पर होगा अंतिम संस्कार

पटना। कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री, पूर्व सांसद एवं बछवाड़ा के विधायक रामदेव राय का शनिवार को पारस अस्पताल में निधन हो गया। वे 77 वर्ष के थे तथा अपने पीछे पत्नी, अपने दो पुत्र और पांच पुत्रियां छोड़ गये हैं। आज अपराह्न 2.30 बजे रामदेव बाबू का पार्थिव शरीर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम लाया गया, जहां कांग्रेसजनों ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा के नेतृत्व में उन्हें अश्रुपूरित विदाई दी। प्रदेश प्रवक्ता राजेश राठौड़ ने बताया कि रामदेव राय का अंतिम संस्कार कल बेगूसराय के सिमरिया घाट पर 11.30 बजे पूर्वाह्न में संपन्न होगा। रामदेव बाबू का पार्थिव शरीर उनके विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत उनके गांव सहरौली में लोगों के दर्शनार्थ रखा गया। वहीं से कल सुबह बेगूसराय जिला कांग्रेस के कार्यालय में ले जाया जायेगा, फिर वहां से सिमरिया घाट पर ले जाकर अंतिम संस्कार किया जाएगा।
विधायक रामदेव बाबू के निधन पर अखिल भारीय कांग्रेस कमिटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि रामदेव राय गांधीवादी नेता थे, उनके निधन से पार्टी और समाज की अपूरणीय क्षति हुई है। इधर, अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के बिहार प्रभारी व सांसद शक्तिसिंह गोहिल ने कहा कि रामदेव राय कांग्रेस के लोकप्रिय नेता थे और उनके निधन से हुई भारी क्षति की पूर्ति शीघ्र संभव नहीं है। कांग्रेस सचिव बिहार प्रभारी अजय कपूर एवं बीरेन्द्र सिंह राठौर ने रामदेव राय के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वे पार्टी के समर्पित नेता थे।
बिहार कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने कहा कि रामदेव राय राज्य सरकार के मंत्री, प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव, समस्तीपुर से लोकसभा सदस्य एवं बिहार विधान सभा सदस्य के पदों पर रहकर बिहार की बड़ी सेवा की तथा राज्य के विकास में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। कांग्रेस विधान मंडल दल के नेता सदानन्द सिंह ने कहा कि जनमानस में उनकी स्मृति अक्षुण्ण रहेगी। प्रदेश कांग्रेस अभियान समिति के अध्यक्ष डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह, पूर्व सांसद शत्रुघ्न सिंह एवं पूर्व विधायक अवधेश राय ने भी गहरी संवेदना व्यक्त की है।
उनके निधन को प्रदेश कांग्रेस कमिटी के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार, कौकब कादरी, डॉ. समीर कुमार सिंह, श्याम सुन्दर सिंह धीरज, अवधेश कुमार सिंह, प्रेमचन्द्र मिश्रा, विश्वमोहन शर्मा, कृपानाथ पाठक, नरेन्द्र कुमार, प्रदेश महिला कांग्रेस के अध्यक्ष अमिता भूषण, सुबोध कुमार, ब्रजेश पांडेय, पूनम पासवान, आनन्द शंकर, राजेश कुमार, अमित कुमार टुन्ना, एचके वर्मा, डॉ. हरखू झा, लाल बाबू लाल, उमाकान्त सिंह, गुंजन पटेल, आनंद माधव, संजीव प्रसाद टौनी, राजेश कुमार सिंहा, नागेन्द्र पासवान विकल, जया मिश्रा, कुमार आशीष, ऋषि मिश्रा, प्रो. रूपम यादव, ई. संजीव सिंह, राजन यादव, किरण शर्मा, आशुतोष शर्मा, रीता सिंह, प्रतिमा कुमारी दास, अनिता राम, इन्दु सिंहा, असफर अहमद, कमलदेव नारायण शुक्ला ने भी कांग्रेस पार्टी की अपूरणीय क्षति बताया है।

You may have missed