PATNA : कांग्रेस मुख्यालय में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की 124वीं जयंती मनसयी गयी

पटना। आजाद हिन्द फौज के संस्थापक नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की 124वीं जयंती शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में मनायी गयी। समारोह की अध्यक्षता पूर्व विधायक प्रमोद कुमार सिंह ने की। इस अवसर पर श्री सिंह ने कहा कि नेताजी के त्याग एवं बलिदान आज भी देशवासियों को प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि भारत को स्वतंत्र कराने के लिये नेताजी सुभाष चन्द्र बोस ने करीब 35 हजार लोगों से आजाद हिन्द फौज की सेना खड़ी की। नेताजी में अद्भुत राष्ट्रीयता एवं देश समर्पण की भावना थी।
वहीं मीडिया विभाग के अध्यक्ष एचके वर्मा ने कहा कि महात्मा गांधी को सर्वप्रथम सुभाष चन्द्र बोस ने ही राष्ट्रपिता का संबोधन दिया था। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के हृदय में नेताजी के लिये असीम प्रेम था। महात्मा गांधी एवं सुभाष चन्द्र बोस एक-दूसरे के पूरक थे।
श्री वर्मा ने आगे कहा कि आज बंगाल चुनाव के कारण भाजपा नेताजी की 125वीं जयंती पराक्रम दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की है। वर्तमान केन्द्र सरकार स्वतंत्रता आंदोलन के गौरवशाली इतिहास को नष्ट कर इसे तोड़-मरोड़कर पेश कर रही है, जिसका देश की जनता विरोध कर रही है।
इस अवसर पर नेताजी सुभाषचन्द्र बोस के तैल चित्र पर एमएलसी राजेश राम, प्रवक्ता राजेश राठौड़, आनन्द माधव, अरविन्द लाल रजक, कुन्दन गुप्ता, डॉ. प्रयाग प्रसाद सिंह, ब्रजकिशोर सिंह कुशवाहा, अखिलेश्वर प्रसाद सिंह, सुधा मिश्र, मृणाल अनामय एवं अन्य कांग्रेसजनों ने माल्यार्पण किया।

About Post Author

You may have missed