कांग्रेस महागठबंधन के घटक दलों के साथ मजबूती से चुनाव लड़ेगी तो बन सकती है सरकार
पटना। बिहार कांग्रेस कमिटी की कार्यसमिति की एक आवश्यक बैठक अपराह्न तीन बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के बिहार प्रभारी व सांसद शक्ति सिंह गोहिल, सचिव डॉ. शकील अहमद खान, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष श्याम सुन्दर सिंह धीरज के अलावे कार्यसमिति के सदस्य उपस्थित थे।
बैठक को संबोधित करते हुए शक्ति सिंह गोहिल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी महागठबंधन के घटक दलों के साथ मजबूती से चुनाव लड़ेगी तो बिहार में महागठबंधन की सरकार बन सकती है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन में कांग्रेस पार्टी सम्मानजनक सीटों के साथ चुनाव में जायेगी। उन्होंने कार्यसमिति के सदस्यों से चुनाव के संबंध में अपने सुझाव प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के सचिव बीरन्द्र सिंह राठौर एवं अजय कपूर को सौंपने की बात कही।
कार्यसमिति ने प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष श्याम सुन्दर सिंह धीरज के उस प्रस्ताव का सर्वसम्मति से समर्थन दिया, जिसमें कहा गया कि केन्द्र की भाजपा सरकार कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी पर मनगढ़ंत आरोप लगाकर उनपर मुकदमे चलाने की धमकी देकर उनकी आवाज को बंद करने की कोशिश करने की कार्रवाई की, जिसकी कांग्रेस कड़ी निंदा करती है। प्रस्ताव में कहा गया है कि अगर केन्द्र सरकार सोनिया एवं राहुल गांधी द्वरा उठाये गये मुद्दों के कारण उनपर झूठे आरोप लगाकर उन्हें प्रताड़ित करने का प्रयास करेगी, तो कांग्रेसजन इसके खिलाफ सड़क पर उतर कर संघर्ष करेगी।
वहीं विधान पार्षद प्रेमचन्द्र मिश्र द्वारा लाये गए प्रस्ताव पर लद्दाख में गलवान घाटी में शहीद देश के 20 सैनिकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही बिहार में वज्रपात से अब तक 175 लोगों की मौत पर भी शोक प्रकट की तथा राज्य सरकार से उनके परिवार को 10-10 लाख मुआवजे की मांग की। वहीं बिहार में कोरोना वायरस के कारण 100 लोगों की मृत्यु पर भी कांग्रेस ने अपनी संवेदना प्रकट की है। एक अन्य प्रस्ताव में बिहार के अष्टम अनुसूची में मैथिली का स्थान होने पर भी राज्य के प्राथमिक एवं हाई स्कूल में मैथिली की पढ़ाई नहीं होने की कड़ी निंदा की गई तथा राज्य सरकार से तुरंत इस पर कार्रवाई की मांग की।
विधायक राजेश कुमार द्वारा पेश प्रस्ताव वित्त रहित कालेजों को समय पर अनुदान, विकास मित्रों की सेवा नियमित करने एवं नियोजित शिक्षकों को समान कार्य के लिये समान वेतन की मांग पर भी कार्यसमिति ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया। पूर्व विधायक लाल बाबू लाल ने कहा कि दलित एवं आदिवासी को विधान सभा के चुनाव में अधिक-से-अधिक सीटों का आबंटन किया जाय। जबकि डॉ. शकील अहमद खान ने कार्यसमिति में बहुमूल्य सुझाव दिये। कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष व विधायिका अमिता भूषण, पूर्व मंत्री कृपानाथ पाठक, विधायक अमित कुमार टुन्ना, विनय वर्मा, पूनम पासवान, प्रदेश युवा काग्रेस अध्यक्ष गुंजन पटेल, ब्रजेश कुमार पांडेय, जया मिश्रा, मोतीलाल शर्मा, शकीलुर रहमान, प्रवीण सिंह कुशवाहा, प्रयाग प्रसाद सिंह कुशवाहा, अजय कुमार चैधरी ने भी अपने बहुमूल्य सुझाव दिये।


