कांग्रेस का स्थापना दिवस : केन्द्र की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करने को रहे तैयार
पटना। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का 136वां स्थापना दिवस एवं कांग्रेस सेवा दल का 98वां दल दिवस सोमवार को पूर्वाह्न प्रदेश कांग्रेस के उद्यान स्थित झंडा चौक पर उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने कांग्रेस ध्वज फहराया एवं प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के मुख्य संगठक रामानन्द सिंह को नया कांग्रेस झंडा प्रदान किया।
इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेसजनों एवं सेवा दल के जवानों को संबोधित करते हुए डॉ. झा ने कहा कि आज देश में वर्तमान केन्द्र सरकार द्वारा संवैधानिक संस्थाओं पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। सारे देश के किसान अपनी उचित मांगों के लिये इस भीषण शीतलहरी में दिल्ली के बोर्डर पर 32 दिनों से आंदोलनरत हैं, लेकिन केन्द्र सरकार बड़े उद्योगपतियों एवं कारपोरेट घरानों के दबाब में देश के किसानों की उचित मांग पर आखें मूंद कर बैठी है। उन्होंने कहा कि आज देश में पेट्रोल एवं डीजल की कीमतों में प्रत्येक दिन बढ़ोत्तरी हो रही है तथा रसाई गैस की कीमत में इस महीने 100 रुपए की वृद्धि हुई है।
डॉ. झा ने कहा कि आज देश का जनजीवन महंगाई से त्रस्त है। उन्होंने कांग्रेसजनों का आह्वान किया कि वर्तमान केन्द्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करने के लिये तैयार रहें। इस अवसर पर डॉ. झा ने उपस्थित कांग्रेसजनों को सेवादल का स्वयंसेवक होने की शपथ दिलायी। इसके बाद डॉ. झा के नेतृत्व में एक तिरंगा मार्च सदाकत आश्रम से बांसघाट स्थित प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की समाधि स्थल तक जाकर उनकी समाधि पर माल्यार्पण किया।
इस दौरान कांग्रेस विधान मंडल दल के नेता अजीत शर्मा, प्रदेश कांग्रेस अभियान समिति के अध्यक्ष डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार, डॉ. समीर कुमार सिंह, श्यामसुन्दर सिंह धीरज, विधायक प्रेमचन्द्र मिश्र, राजेश कुमार, राजेश राम, पूर्व मंत्री कृपानाथ पाठक, अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के मीडिया समन्वयक संजीव सिंह, एचके वर्मा, प्रवक्ता डॉ. हरखू झा, राजेश राठौड़, ऋषि मिश्रा, पूर्व विधायक प्रमोद कुमार सिंह, पूनम पासवान, रीता सिंह, अनोखा देवी, बिपिन झा आदि कांग्रेसजन उपस्थित थे।


