कहां मर गई है संवेदनाएं : बालकनी से सड़क पर गिरे दो साल के बच्चे को देखकर बढ़ते रहे लोग
पटना। पटना के एक बहुमंजिला घर की बालकनी से करीब दो साल का बच्चा सड़क पर गिर गया। बच्चा जब गिरा तब उसकी मां खाना बना रही थी। सड़क पर गिरने से बच्चा बेहोश हो गया। घटना 14 मई की शाम कंकड़बाग के भूतनाथ रोड का है। बुधवार को इसका सीसीटीवी फुटेज सामने आया।
सीसीटीवी फुटेज में जो दिखा उससे यही प्रतीत होता है कि इस भेड़चाल वाली दुनिया में लोगों के अंदर की संवेदनाएं दम तोड़ चुकी है। बहुमंजिला घर की बालकनी से गिरा बच्चा सड़क पर पड़ा रहा और उसके करीब से लोग अनदेखी कर पैदल, बाइक, साइकिल व अन्य वाहन से गुजरते रहे। काफी देर तक किसी ने बच्चे की सुध लेने की जहमत न उठायी। पैदल जा रहा एक युवक बच्चे के पास से गुजरा। उसी समय बच्चा होश में आया और उसके शरीर में हरकत हुई। युवक ने बच्चे को देखा, लेकिन वो भी मदद करने की जगह आगे बढ़ गया। थोड़ी देर बाद एक बाइक सवार युवक की नजर बच्चे पर पड़ी। वह पास आया। बच्चे की गंभीर हालत देख उसने आवाज देकर घर के लोगों को बुलाया। उसकी आवाज सुन एक आदमी घर से बाहर निकला और बच्चे को गोद में उठाकर ले गया। बच्चे के शरीर में कई जगह फ्रैक्चर है, उसकी हालत गंभीर है। उसका इलाज एक निजी नर्सिंग होम में चल रहा है।


