एसीएमए पटना में पहले आटो कम्पोनेन्ट्स आफ्टरमार्केट एक्सपो के लिए तैयार, केंद्रीय मंत्री करेंगे उद्घाटन
पटना। भारतीय आटो कम्पोनेन्ट निर्माताओं के हितों का प्रतिनिधित्व करने वाली शीर्ष निकाय द आटोमोटिव कम्पोनेन्ट मैन्युफैक्चर्स एसोसिएशन आफ इंडिया (एसीएमए) ने बुधवार को राजधानी के होटल पनाश में एसीएमए आफ्टरमार्केट एक्सपो के पहले संस्करण की घोषणा की। उक्त आयोजन 14 और 15 मार्च को पटना के ज्ञान भवन के सम्राट अशोक इंटरनेशनल कंवेंशन सेंटर में होगा। जिसका उद्घाटन केंद्रीय मंत्री तथा पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद करेंगे। संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए एसीएमए के महानिदेशक विन्नी मेहता ने बताया कि पूर्वी क्षेत्र में अपने प्रकार का पहला आफ्टरमार्केट (स्पेयर पार्ट्स) एक्सपो कम्पोनेन्टट विनिर्माताओं, स्पेयर-पार्ट विक्रेताओं, डीलरों, वर्कशॉप मालिकों, तकनीशियनों और मेकैनिकों को एक मंच पर लाएगा। उक्त एक्सपो में 50 से अधिक अग्रणी आटो कम्पोनेन्टट निर्माता अपने नवीनतम आफ्टरमार्केट उत्पादों और प्रौद्योगिकियों का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने बताया कि यह एक्सपो आफ्टरमार्केट व्यसाय को बढ़ावा देने के अलावा असली कम्पोनेन्ट्स के उपयोग और नकली से बचने पर जागरूकता फैलाने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने बताया कि बिहार और झारखंड में आटो कम्पोनेन्ट्स के लिये आफ्टरमार्केट बिजनेस 3000 करोड़ रूपये का है, जो 67491 करोड़ रूपये के कुल राष्ट्रीय आफ्टरमार्केट का लगभग 4.2 प्रतिशत है। वहीं एसीएमए सब-पिलर आन आफ्टरमार्केट के चेयरमैन रमा शंकर पांडे ने कहा कि यह आयोजन व्यवसाय प्रतिनिधियों और आगंतुकों को आफ्टरमार्केट के बिजनेस डायनैमिक्स समझने का अवसर देगा और आटोमोटिव उद्योग में हो रहे प्रौद्योगिकी संबंधी महत्वपूर्ण बदलावों को जानने का मौका भी देगा। एक्सपो में 1000 से अधिक मेकैनिकों और तकनीशियनों के लिये प्रशिक्षण सत्र भी होंगे।


