पटना एम्स में कोरोना से चार लोगों की मौत, 43 नए कोरोना पॉजिटिव मामले आये सामने
फुलवारी शरीफ। पटना एम्स में मंगलवार को चार लोगों की मौत कोरोना से हो गयी जबकि नए मरीजों में 43 मरीजों की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव निकली है। एम्स कोरोना नोडल आफिसर डॉ. संजीव कुमार के मुताबिक पटना एम्स में एक्जीबिशन रोड के 58 साल के पवन चौधरी, आरा के 71 साल के बच्चाजी सिंह, दानापुर के 61 साल के अजीत कुमार सिंहा, जबकि जगदेव पटना के 47 वर्षीय रंजन कुमार की कोरोना से मौत हो गयी है। वहीं मंगलवार को एम्स के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती 43 नये मरीजों की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई, जिसमें पटना के 15 व्यक्ति समेत गया, वैशाली, दरभंगा, हाजीपुर, सारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, औरगाबाद, मधुबनी के मरीज शामिल हैं। इसके आलावा एम्स में 18 लोगों ने कोरोना को मात दे दिया है, जिन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।

लोको पायलट को इलाज के लिए लाने पहुंची एम्बुलेंस में नहीं था आक्सीजन
पटना/फुलवारी शरीफ। विमल प्रकाश लोको पायलट कोरोना संक्रमित हैं। दानापुर रेल मंडल अस्पताल से उन्हें एनएमसीएच इलाज कराने हेतु एंबुलेंस से भेजा गया था लेकिन बिना आॅक्सीजन के उस एंबुलेंस में आक्सीजन की व्यवस्था नहीं थी, जिसके चलते विमल जी काफी असहाय महसूस कर रहे थे। आखिर किन कारणों के चलते उस एंबुलेंस में आक्सीजन की व्यवस्था नहीं की गई थी, यह चिंता और जांच का विषय है। पूर्व मध्य रेल मजदूर कांग्रेस के जोनल अध्यक्ष मो. जफर हसन ने कहा कि यह किसकी लापरवाही है और इसकी जांच के बाद जिम्मेवार व्यक्ति को दंडित करने की मांग करते हैं।

