एनडीए चुनाव में किये अपनी घोषणाओं पर करेगा काम, जनता को दिया धन्यवाद : मुकेश सहनी
पटना। नीतीश सरकार में विकासशील इंसान पार्टी प्रमुख मुकेश सहनी को पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री का भार दिया गया है। सोमवार को मंत्री पद का शपथ लेने के बाद मंगलवार को पहली बार मुकेश सहनी ने पटना के होटल मौर्या में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों को संबोधित करते हुए बिहार की जनता को धन्यवाद दिया। सहनी ने कहा कि मैंने हमेश गरीबों, पिछड़ों और वंचितों के लिए संघर्ष किया है, इसलिए मैं आगे भी उनके लिए काम करता रहूंगा। उन्होंने कहा कि हमारी एनडीए की सरकार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुआई में गरीब, युवा, किसान और महिलाओं के लिए काम करेगी।
सहनी ने कहा कि बिहार की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भरोसा जताया, इसलिए एनडीए सरकार उनके भरोसे पर पूरे तरीके से खड़ा उतरने का काम करेगी। बिहार में मजबूत सरकार बनी है। उन्होंने कहा कि एनडीए चुनाव में किये अपनी घोषणाओं पर भी काम करेगा। सहनी ने कहा कि मेरा सौभाग्य है कि मुझे नीतीश कुमार के साथ काम करने का मौका मिला है। उनके पास राजनीति और गुड गर्वनेंस का लंबा अनुभव है। उनसे मुझे बहुत कुछ सीखने को मिलेगा। सहनी ने अपने संघर्षों को याद करते हुए कहा कि मेरी प्राथमिकता आने वाले दिनों में खासकर बिहार के युवाओं के लिए काम करने की होगी। उन्होंने महागठबंधन के सवाल पर कहा कि अच्छा काम करने का परिणाम अच्छा होता है और बुरे काम करने का परिणाम बुरा होता है। संवाददाता सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजीव मिश्रा, उमेश सहनी, शिवबचन सिंह निषाद, अशोक चौहान, आनंद मधुकर यादव, विकास बॉक्सर, गौतम बिंद मौजूद थे।
बता दें वीआईपी चुनाव पूर्व महागठबंधन की अंग थी, लेकिन आज जिस होटल मौर्या में सहनी प्रेस कांफ्रेंस कर रहे थे, उसी होटल में चुनाव से पहले महागठबंधन की प्रेस कांफ्रेंस में राजद नेता तेजस्वी यादव ने राजद-कांग्रेस और वामदलों के बीच सीटों का बंटवारा कर दिया था, लेकिन वीआईपी को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था। इसी बीच पत्रकारों से भरे प्रेस कांफ्रेंस में सहनी ने कहा था कि अतिपिछड़ा के बेटा को पीठ में छुरा घोंपने का काम किया गया है और वे बिना देर किए वहां से चले गए। इसके बाद भाजपा ने बिना देर किए मुकेश सहनी को अपने पाले में कर भाजपा कोटे से 11 सीटें दी, जिसमें मुकेश सहनी की पार्टी ने चुनाव में 4 सीटों पर जीत दर्ज बिहार की राजनीति में अपनी धमक दिखाई।


