एक नजर में फतुहा की खबरें : गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा कोआपरेटिव कालोनी, शराब तस्कर गिरफ्तार, प्रवासी की मौत

गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा कोआपरेटिव कालोनी
फतुहा। शनिवार को शाम स्थानीय कोआपरेटिव कालोनी गोलियों की तड़तडाहट से गूंज उठा। किसी को कुछ समझ में नहीं आया। लोग अपने-अपने घरों में दुबक गये। हालांकि इस गोलीबारी में किसी की हताहत होने की सूचना नहीं है। जानकारी होते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस को देखते ही सभी आरोपी भाग निकले। पुलिस के समक्ष कोई बोलने को तैयार नहीं थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार कुछ महीने पहले सोनारु व कोआपरेटिव कालोनी के युवकों के बीच मारपीट हो गई थी। इसी प्रतिशोध में एक गुट के लोगों ने ताबड़तोड गोली चला दी। हालांकि इस मामले में किसी गुट के तरफ से कोई शिकायत दर्ज नहीं करायी गयी है।

पेशी के दौरान फरार हुआ शराब तस्कर गिरफ्तार
फतुहा। नदी थाना पुलिस को उस समय बड़ी सफलता मिली जब गुप्त सूचना मिली कि कोर्ट से फरार हुआ शराब तस्कर घर आया हुआ है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार हुए शराब तस्कर को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी नदी थाना क्षेत्र के गुलमहिया चक से की गई है। तस्कर सुरेश महतो है। नदी थाना प्रभारी सकेंन्द्र कुमार के अनुसार यह पिछले वर्ष अगस्त माह में शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। पटना कोर्ट में पेशी के दौरान वह हथकड़ी सरका कर तथा सिपाही को चकमा देकर फरार हो गया था।

आग लगने से मची अफरा-तफरी, आग पर पाया गया काबू


फतुहा। शनिवार शाम सोनारु स्थित एक घर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक गैस सिलेंडर के लीक होने से घर में रखे सामान में आग लग गयी। घर में शादी की भी रस्म चल रही थी। हालांकि ग्रामीणों के सहयोग से आग पर तुरंत काबू पा लिया गया और धन-जन के होने वाले नुकसान को बचा लिया गया। बताया जाता है कि सोनारु निवासी स्वरुप पंडित के घर मे सिलेंडर लीक होने से आग लग गयी थी।

वर्षों से चले आ रहे विवाद को मिल बैठकर सुलझाया गया
फतुहा। कल्याणपुर मुहल्ले में 80 के दशक से दो घरों के बीच चल रहे विवाद को शनिवार को मिल बैठकर सुलझा लिया गया। हालांकि यह मामला थाने भी पहुंची थी लेकिन एसआई मिथिलेश कुमार व प्रेम यूथ फाउंडेशन के सहयोग से दोनों पक्ष के लोगो को बैठाया गया तथा विवादित समस्या पर शांतिपूर्ण तरीके से विवाद को सुलझाया गया। समस्या सुलझते ही दोनों पक्ष ने संतोष व्यक्त किया। बताते चले कि 1980 से ही विवेक गुप्ता व भरत लाल गुप्ता के परिवारों के बीच पानी गिराने को लेकर विवाद चल रही थी। कई बार पंचायत भी बुलायी गयी लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका था। एसआई मिथिलेश कुमार व फाउंडेशन के प्रेम कुमार ने बताया कि यदि लोग चाह ले तो थाने व कोर्ट का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।

विधवा महिला की पिटाई
फतुहा। शनिवार को थाना क्षेत्र के शिवचक गांव में भैंसुर द्वारा पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। महिला की पिटाई घर में संपति न देने के विवाद में हुई है। पीड़ित महिला के अनुसार उसके सिर्फ दो बेटियां है। संपति मांगे जाने पर उसके भैंसुर विवाद करता है तथा बच्चों को भी उलाहना देकर प्रताड़ित करता है। महिला सुलेखा देवी ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी है। शिकायत के आलोक में पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।

दिव्यांगों, असहायों व वृद्धों के बीच राशन सामग्री वितरित


फतुहा। शनिवार को प्रखंड के रुकुनपुर पंचायत में दिव्यांगों, असहाय महिलाओं व वृद्धों के बीच राशन सामग्री का वितरण किया गया। राशन सामग्री का वितरण किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष संजीव कुमार यादव के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा किया गया। मौके पर जरुरतमंदों को साबुन व मास्क भी दिए गए तथा आने वाले समय में कोरोना के प्रति सचेत रहने की हिदायत दी गई। वितरण कार्यक्रम में प्रदीप पांडे, अजय यादव, अर्जुन सिंह, रघु पासवान शामिल थे। दूसरी तरफ शनिवार को भी लोजपा नेता सतेंद्र सिंह के सौजन्य से जरुरतमंदों के बीच शहर के अंदर अनाज व आवश्यक सामान का वितरण किया गया।

चुनाव की तैयारी में जुटे भाजपा कार्यकर्ता : चुनाव प्रभारी
फतुहा। शनिवार को सोनारु स्थित सिन्हा शिल्पी कला केंद्र में भाजपा कार्यकर्ताओं की एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में पटना से फतुहा पहुंचे चुनाव प्रभारी तारकेश्वरनाथ ठाकुर ने अभी से ही सभी कार्यकर्ताओं को चुनाव की तैयारी में जुट जाने की अपील की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ कमिटी भी अविलंब बना लिए जाने की अपील की। इसके पहले श्री ठाकुर का नगर मंडल अध्यक्ष शोभा देवी तथा वरिष्ठ नेता रामजी प्रसाद के द्वारा भव्य स्वागत किया गया। बैठक में कला संस्कृति मंच के संयोजक वरुण सिंह के साथ साथ, मुन्ना सिंह, मधु सिन्हा, किरण गुुप्ता, अरविंद यादव, विवेक गुप्ता, भास्कर पटवा, अभिषेक झा समेत कई लोग मौजूद थे।

अज्ञात वाहन के टक्कर से क्वारंटाइन सेंटर से घर जा रहे प्रवासी की मौत


फतुहा। शुक्रवार की देर शाम मछरियावां गांव के पास एक अज्ञात वाहन के टक्कर से एक प्रवासी गंभीर रुप से घायल हो गया। तत्काल उसे दनियावां के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के श्रीपतपुर निवासी कारु पासवान के पुत्र अमरकांत कुमार के रुप में हुई है। बताया जाता है कि कुछ दिन पहले ही मृतक अपने गांव के लोगों के साथ चेन्नई से लौटा था। गांव लौटने पर उसे प्रखंड के क्वारंटाइन सेंटर हाईस्कूल में रखा गया था। शुक्रवार शाम क्वारंटाइन अवधि पूरा कर लेने पर उसे घर के लिए मुक्त कर दिया गया था। वह क्वारंटाइन सेंटर से पैदल ही अपने घर जा रहा था, तभी मछरियावां के पास यह हादसा हो गई।

You may have missed