मोकामा विधानसभा : एक डर के कारण अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी ने किया नामांकन, जदयू प्रत्याशी ने भी भरा पर्चा
पटना। पटना के बेऊर जेल में एके-47 व हैंड ग्रेनेड मामले में बंद मोकामा के बाहुबली निर्दलीय विधायक अनंत सिंह ने बीते बुधवार को राजद प्रत्याशी के रूप में मोकामा विधानसभा सीट से बाढ़ अनुमंडल कार्यालय में नामांकन दाखिल किया था। और आज गुरुवार को अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी ने इसी सीट से चुनाव लड़ने के लिए निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पर्चा भरा है। कहा जा रहा है कि नीलम देवी ने इस लिए निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया है, अगर अनंत सिंह का नामांकन खारिज हो जाता है तो उनकी पत्नी मोकामा सीट से किस्तम आजमाएंगी। बता दें बीते लोकसभा चुनाव में राजद के दवाब के कारण जब कांग्रेस से अनंत सिंह को टिकट नहीं मिला तो कांग्रेस ने नीलम देवी को मुंगेर लोकसभा में बतौर प्रत्याशी उतारा था, जहां नीलम देवी का मुकाबला जदयू सांसद राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह से थी। लेकिन उक्त लोकसभा चुनाव में ललन सिंह ने नीलम देवी को काफी ज्यादा अंतर के मतों से मात दे दी थी। अब नीलम देवी मोकामा सीट पर निर्दलीय विधानसभा चुनाव के लिए पर्चा भरा है। अनंत सिंह ने पत्नी से पर्चा एक खास डर के चलते भरवाया। यह डर इसलिए है कि उन पर कई संगीन अपराध के मामले चल रहे हैं। ऐसे में किसी एक या कई मामलों की वजह से चुनाव आयोग उनका नामांकन रद्द कर सकता है तो नीलम देवी चुनाव लड़ेंगी और महागठबंधन उन्हें सपोर्ट करेगा। अगर अनंत सिंह का नामांकन खारिज नहीं होता है तो उनकी पत्नी नीलम देवी अपना नाम वापस ले लेंगी।
वहीं बाढ़ अनुमंडल कार्यालय में गुरुवार को मोकामा से जदयू प्रत्याशी राजीव लोचन नारायण उर्फ अशोक सिंह ने पर्चा भरा। यहां से चुनाव लड़ने के लिए रालोसपा प्रत्याशी दिलराज रौशन और लोजपा प्रत्याशी सुरेश निषाद ने भी पर्चा भरा है। विधानसभा क्षेत्र बाढ़ से चुनाव लड़ने के लिए निर्दलीय प्रत्याशी राजीव कुमार पंकज और राणा सुधीर सिंह ने नामांकन किया है।


