आप ने राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय कुमार को बनाया झारखंड का प्रभारी, सुपर काॅप के रूप में है पहचान

CENTRAL DESK :  आम आदमी पार्टी ने झारखंड में संगठन और काम की राजनीति को मजबूत करने का काम तेज कर दिया है। इसी के तहत आम आदमी पार्टी आलाकमान ने पूर्व आईपीएस अधिकारी व पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डाॅ. अजय कुमार को झारखंड का प्रभारी नियुक्त किया है। मिली नई जिम्मेदारी के लिए डाॅ. अजय कुमार ने दिल्ली के मुख्यमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत सभी वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया। साथ ही उन्होंने कहा कि झारखंड में पूर्व में किए काम का फायदा आम आदमी पार्टी को मिलेगा। उन्होंने कहा कि वह झारखंड में पार्टी को मजबूत करने के लिए पूरी ईमानदारी के साथ काम करेंगे। आम आदमी पार्टी ने फरवरी 2020 में दिल्ली विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। ‘काम की राजनीति’ के फार्मूले से दिल्ली की सत्ता हासिल करने के बाद आम आदमी पार्टी ने दूसरे राज्यों में अपना विस्तार करते हुए संगठन को मजबूत करने का काम शुरू कर दिया है। इसी के मद्देनजर पार्टी आलाकमान ने डाॅ. अजय को झारखंड का प्रभारी बनाया है। डाॅ अजय कुमार पूर्व में कांग्रेस के झारखंड ईकाई के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। साथ ही झारखंड में उनकी पहचान सुपर काॅप के रूप में है।

एक नजर में डाॅ. अजय कुमार

बिहार और झारखंड में माफिया राज से लोहा लेकर अलग पहचान बनाने वाले पूर्व आईपीएस अधिकारी डाॅ. अजय कुमार कुछ माह पहले आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। इससे पहले वह जमशेदपुर से सांसद रह चुके हैं और झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। डॉ. अजय ने वर्ष 1994 से 1996 तक जमशेदपुर के पुलिस अधीक्षक के तौर पर सेवाएं दीं। उन्होंने शहर की कानून व्यवस्था को बेहतर किया। उन्हें ऐसे वक्त में जमशेदपुर का एसपी बनाया गया था, जब माफिया राज से त्रस्त होकर टाटा स्टील शिफ्ट होने की योजना बना रही थी। डाॅ. अजय कुमार के काम की वजह से जमशेदपुर में माफिया राज खत्म हुआ और टाटा ने पलायन का प्लान रद्द कर दिया। इसी के बाद वे जनता के हीरो बन गए। डाॅ. अजय का जन्म कर्नाटक के मैंग्लोर में हुआ था। उन्होंने हैदराबाद से स्कूली पढ़ाई की। 1985 में उन्होंने पुंडुचेरी के जवाहर लाल इंस्टीट्यूट से एमबीबीएस की डिग्री हासिल की। 1986 में वह इंडियन पुलिस सर्विस के लिए चुने गए। वह झारखंड विकास मोर्चा (प्रजातांत्रिक) पार्टी की टिकट पर जमशेदपुर से लोकसभा का चुनाव जीतकर संसद पहुंचे। फिर कांग्रेस में शामिल हो गए थे।

About Post Author

You may have missed