January 24, 2026

आप नेताओं ने शहीद हवलदार सुनील कुमार के परिजनों से किया मुलाकात, राज्य सरकार से की यह मांग

पटना। आम आदमी पार्टी बिहार के नेताओं की एक राज्यस्तरीय टीम ने प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज कुमार की अगुवाई में बिहटा के तारा नगर गांव पहुंचकर भारत-चीन सीमा विवाद में बिहार रेजीमेंट के शहीद हवलदार सुनील कुमार के परिजनों से मुलाकात किया। शहीद जवान सुनील कुमार के फोटो पर माल्यार्पण के बाद प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज कुमार ने उनके परिवार वालों को पार्टी की ओर से संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि “उनका बेटा अमर है, हमारे शहीदों ने बिहार के साथ-साथ देश को गर्व से अपना सर ऊंचा रखने का अवसर प्रदान किया है। सीमा की रक्षा के लिए उनकी कुर्बानी को देश सालों साल याद रखेगा।”
बातचीत के क्रम में उन्होंने बिहार सरकार द्वारा घोषित मात्र 33 लाख की सहायता राशि की घोषणा पर नाराजगी जताते हुए कहा कि दिल्ली की केजरीवाल सरकार अपने राज्य में ड्यूटी के दौरान एक सिपाही की मृत्यु पर भी एक करोड़ की सम्मान राशि की सहायता उनके परिजनों को प्रदान करती है। शहीद सुनील कुमार ने देश की सीमा की रक्षा के लिए बड़ी कुर्बानी दी है, लिहाजा बिहार सरकार को दिल्ली सरकार की तर्ज पर बिहार के सभी शहीदों के लिए एक करोड़ की अतिरिक्त सम्मान सहायता राशि की घोषणा तुरंत करनी चाहिए। प्रदेश उपाध्यक्ष के साथ अन्य नेताओं में पटना जिला अध्यक्ष चौधरी ब्रह्मप्रकाश यादव, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ महासचिव रंजीत कृष्णा, विधानसभा अध्यक्ष अभिषेक यादव, बिक्रम प्रखंड अध्यक्ष गुड्डू कुमार, मनीष शर्मा, मुकेश मेहता आदि प्रमुख थे।

You may have missed