आखिर क्यों खुदकुशी की अनुमति मांग रहा है छात्र जदयू का प्रदेश सचिव
भागलपुर। एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। वह युवक भागलपुर के भवानीपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर का निवासी और छात्र जदयू का प्रदेश सचिव अजय कुमार रविदास है। उसने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से आत्महत्या की अनुमति मांगी है। इस संबंध में एसडीपीओ प्रवेंद्र भारती ने बताया कि इस युवक पर केस होना चाहिए।
सोशल मीडिया में जारी विडियो में छात्र जदयू के प्रदेश सचिव अजय कुमार रविदास ने बताया कि मैं रिक्शा चालक का बेटा हूं। मैं घर से बाहर हूं। इस बीच मेरे घर पर स्थानीय मुखिया बदमाशों के साथ आकर मेरी मां, पत्नी और बहन के साथ नशे में बदसलूकी की। इससे मैं काफी आहत हूं और अब जीना नहीं चाहता हूं। उसने आरोप लगाते हुए कहा कि नारायणपुर बस स्टैंड के किरानी रंजीत रजक, शिक्षक निरोज रजक, रौशन रजक, रोहित रजक, खुशीलाल रजक गांव के ही मुखिया नरेंद्र कुमार के इशारे पर मुझे और मेरे परिवार को परेशान किया जा रहा है। छात्र नेता ने आरोप लगाते हुए कहा कि छात्रसंघ चुनाव के समय भी इसी मुखिया ने मेरा अपहरण कर लिया था। इसका केस अदालत में चल रहा है। उसने आगे बताया कि घटना की जानकारी नवगछिया एसपी निधि रानी और थानाध्यक्ष नीरज कुमार को फोन के माध्यम से दी थी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उधर इस संबंध में एसडीपीओ प्रवेंद्र भारती ने बताया कि इसी युवक (अजय रविदास) पर केस होना चाहिए। नारायणपुर में एक डीलर पर अनाज कालाबजारी का केस हुआ है। उस समय जदयू नेता होने का रौब दिखाते हुए केस को रूकवाना चाह रहा था। उल्टे जिस उपभोक्ता ने शिकायत की थी, उस पर भी एससी-एसटी थाने में झूठा केस करना चाहता था। इसमें सफल नहीं होने पर यह नाटक कर रहा है।


