January 17, 2026

आखिरकार पटना को डूबोने वाले 27 अफसरों पर चला चाबुक

पटना। पटना को डूबोने वाले 27 अधिकारी नप गए हैं। इनमें बुडको के तत्कालीन प्रबंध निदेशक (एमडी) और आईएएस अधिकारी अमरेन्द्र प्रसाद सिंह भी शामिल हैं। पटना नगर निगम के तत्कालीन आयुक्त अनुपम कुमार सुमन (आईआरएस सेवा) के खिलाफ कार्रवाई के लिए केन्द्र सरकार से अनुशंसा की जाएगी। जल जमाव के लिए दोषी 14 अभियंताओं को भी निलंबित कर विभागीय कार्यवाही की जाएगी। वहीं संविदा पर तैनात 7 अभियंताओं को कार्युमक्त करने का निर्णय लिया गया है।
नगर विकास विभाग के सचिव आनंद किशोर ने सोमवार को बताया कि जल जमाव के बाद गठित जांच समिति की रिपोर्ट और इसपर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अनुमोदन के बाद यह कार्रवाई की गई है। जिन अधिकारियों पर कार्रवाई हुई है उनके खिलाफ गंभीर आरोप हैं। बुडको के तत्कालीन एमडी पर संप हाउस की व्यवस्था की मॉनिटरिंग और संचालन की व्यवस्था की समीक्षा नहीं की गई। रख-रखाव और मरम्मति कार्य का अनुश्रवण भी नहीं किया गया। तत्कालीन नगर आयुक्त और वर्तमान में अपने मूल कैडर में वापस गए अनुपम कुमार सुमन पर भी गंभीर आरोप है। जिम्मेदारी भरे पद पर रहते हुए उन्होंने कर्तव्य पालन में घोर लापरवाही बरती। मानसून को लेकर उन्होंने कोई प्लान नहीं किया था। नाला सफाई की समीक्षा भी उनके द्वारा नहीं की गई जिससे पटना कई दिनों तक डूबा रहेगा।

नहीं हुई थी नालों की सफाई
नगर निगम के चार कार्यपालक पदाधिकारियों पर भी गाज गिरी है। पूनम कुमारी (तत्कालीन कंकड़बाग अंचल), बिरेन्द्र तरूण (बांकीपुर अंचल), शैलेश कुमार (नूतन राजधानी अंचल) और मनीष कुमार (पाटलिपुत्र अंचल) शामिल हैं। इनपर नालों की साफ-सफाई में खानापूर्ति करने का आरोप हैं। जांच के दौरान नालों में गाद भरा मिला था। मनीष कुमार को छोड़ बाकी के तीनों कार्यपालक पदाधिकारी बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं।

You may have missed