अश्विनी चौबे बोले, बिहार की जनता जंगलराज नहीं, सुशासन चाहती है

पटना। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि बिहार के लोगों के जेहन में लालू-राबड़ी के 15 वर्षों का जंगलराज इस कदर समाया है कि जंगल राज का नाम सुनते ही लोग सहम जाते हैं। बिहार की जनता को जंगलराज नहीं बल्कि सुशासन चाहिए। प्रथम चरण के चुनाव में एनडीए को भारी बढ़त मिली है। दूसरे व तीसरे चरण के चुनाव में भी एनडीए काफी आगे रहेगा। जनता का आशीर्वाद एनडीए के साथ है। 10 नवंबर को तीन चौथाई बहुमत से बिहार में सुशासन की सरकार एक बार फिर से बनेगी। श्री चौबे ने प्रथम चरण के मतदान के बाद जारी प्रेस विज्ञप्ति में ये बातें कही।
उन्होंने कहा कि 1990 से 2005 तक लालू राबड़ी राज जंगलराज था। उस दौर को राजनीति में अपराध, जातीय नरसंहार, ध्वस्त कानून व्यवस्था के लिए जाना जाता है। लालू राबड़ी के 15 वर्षों का जंगलराज बनाम एनडीए सरकार के 15 वर्षों का सुशासन है। उन्होंने आगे कहा कि पहले चरण के लिए 71 सीटों में ज्यादातर सीटों पर एनडीए की जीत होगी। मतदान में लोगों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया है। बिहार में 54 फीसद से ज्यादा मतदान हुआ है। विपक्षी दलों द्वारा कहा जा रहा था कि कोरोना की वजह से मतदाता घर से नहीं निकलेंगे। 28 अक्टूबर को मतदान के दिन बड़ी संख्या में पूरे उत्साह के साथ मतदान केंद्रों पर मतदाता पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशाल जनसभा से जनता में खासा उत्साह दिख रहा है। बिहार की जनता का एनडीए के प्रति उत्साह यह साबित करता है कि प्रदेश में सभी खुशहाली व सुशासन चाहते हैं। सुशासन एवं डबल इंजन की सरकार नीतीश कुमार के नेतृत्व में चलती रहेगी।

You may have missed